करनाल, 1 अक्टूबर –भाजपा की ओर से करनाल के असंध में आज जन आशीर्वाद रैली का आयोजन किया गया. जिसमें मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी ने भाजपा प्रत्याशी योगेंद्र राणा के लिए वोट की अपील की। इस अवसर पर जन समूह को संबोधित करते हुए उन्होंने कहा कि आपने मतदान करके नई सरकार का गठन करना है। आज हरियाणा में बीजेपी के पक्ष में माहौल है, हम और तेज गति से विकास करेंगे।
सैनी ने कहा कि हम योजनाबद तरीके से महिलाओं को सशक्त करेंगे। माता-बहनों को 2100 रुपये महीना देंगे तथा युवाओं को दो लाख सरकारी नौकरियां देंगे।
कार्यवाहक मुख्यमंत्री ने कहा कि मेरे 56 दिन का काम कांग्रेस के 10 साल पर भारी है। हमने प्रदेश में कई विकास कार्य करवाए है।
नायब सैनी ने कहा कि कांग्रेस खुले आम घपला करने की बात करती है और आप भी जनता को लूटने की भूखी है। कांग्रेस और कांग्रेस के नेता घोटाले की बात करते हैं। नायब सैनी ने कहा कि राहुल गांधी और कांग्रेस आरक्षण खत्म करने की बात करते है। कांग्रेस झूठ बोलकर वोट मांगती है। सच तो ये है कि कांग्रेस ने हमेशा जनता का शोषण किया। कांग्रेस में पर्ची खर्ची से नौकरी मिलती थी। यही नही कांग्रेस ने किसानों की जमीनों को लूटा।सैनी ने कहा कि हम मिशन मोड में काम करते हैं जबकि कांग्रेस कमीशन मोड में काम करती है। कांग्रेस ने किसानों का शोषण किया। कांग्रेस किसानों को दो- दो रुपए के चेक देती थी। उन्होंने कहा कि कांग्रेस ने लोगों से प्लाट देने के झूठे वादे किए और हमने लोगों को 100-100 गज के प्लाट दिए। नायब सैनी ने कहा कि तीसरी बार बीजेपी की सरकार बन रही है। जनता कांग्रेस को वोट की चोट से जवाब दें।







