जींद, 4 सितंबर –जींद के लोगों के लिए खुशखबरी है। अब नागरिक अस्पताल में आने वाले लोगों के सभी तरह के टैस्ट एक ही छत के नीचे हो पाएंगे। अस्पताल की पुरानी बिल्डिंग में मौजूद प्रयोगशाला नागरिक अस्पताल (लैब) का विस्तार किया जा रहा है। हालांकि लैब में इस समय बीमारियों से संबंधित टैस्ट किए जा रहे हैं जबकि एचआईवी, टीवी, मलेरिया टेस्ट के लिए अलग-अलग जगहों पर हो रहे हैं। जिससे इन बीमारियों से संबंधित मरीजों व तीमारदारों को अलग-अलग जगहों पर जाकर टैस्ट करवाने पड़ रहे हैं। जिससे उन्हें परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। अब एक ही छत के नीचे टेस्ट होने से मरीजों को फायदा होगा। इसके अलावा लैब का नाम भी अब डिस्ट्रिक्ट इंटीग्रेटेड पब्लिक हेल्थ लेबोरेटरी हो जाएगा।
इस समय अलग-अलग जगहों पर होते हैं टैस्ट
जिला मुख्यालय स्थित नागरिक अस्पताल 200 बैड का है। 100 बैड पुरानी बिल्डिंग में और 100 बैड नई बिल्डिंग में हैं। प्रतिदिन लैब में 600 से 700 टैस्ट अलग-अलग बीमारियों को लेकर किए जाते हैं। इसके अलावा स्वास्थ्य कर्मियों द्वारा फील्ड से लिए गए सैंपलों की जांच भी लैब में की जाती है। वहीं नागरिक अस्पताल में आने वाले मरीजों की जांच को लेकर चिकित्सकों द्वारा जो टैस्ट लिखे जाते हैं, उनके टैस्ट पुरानी बिल्डिंग स्थित लैब में किए जाते हैं। जबकि एचआईवी, टीबी टैस्ट के लिए सीएमओ कार्यालय के सामने मौजूद बिल्डिंगों में जाना पड़ता हैं। वहीं मलेरिया टैस्ट के लिए भी पुरानी बिल्डिंग में इमरजेंसी के पास ही अलग से कमरा बनाया गया है। ऐसे में टेस्ट करवाने के लिए मरीजों को अलग-अलग जगहों पर जाने से समय और आवागमन दोनों ही लगते हैं।
अब लैब का होगा विस्तार, टैस्टों के लिए बनेंगे अलग केबिन
नागरिक अस्पताल में लोगों को एक जगह ही सभी टैस्ट हों, इसे लेकर सीएमओ डा. गोपाल गोयल, लैब अधिकारी डा. अजय चालिया, डिप्टी एमएस डा. राजेश भोला सहित अन्य चिकित्सकों ने मंथन किया। इस मंथन में यह बात निकल कर सामने आई कि मलेरिया, एचआईवी व टीबी के टैस्ट भी एक ही लैब में एक जगह किए जाएं। जिसके लिए लैब का विस्तार हो। लैब के साथ लगते कमरों को लैब में मिलाया जाए और यहां केबिन सिस्टम के माध्यम से लोगों के टैस्ट किए जाएं और यहीं से ही लोगों को रिपोर्ट उपलब्ध हो। इस कार्ययोजना पर तुरंत प्रभाव से कार्य शुरू करते हुए लैब विस्तार का कार्य शुरू कर दिया गया है।
एक ही जगह होंगे सभी टेस्ट : डा. अजय चालिया
नागरिक अस्पताल लैब प्रभारी डॉ. अजय चालिया ने बताया कि लैब के विस्तार कार्य को शुरू कर दिया गया है। लैब विस्तार के लिए पीछे मलेरिया टेस्ट का कमरा, कोविड टेस्ट रूम को लैब से मिलाया जाएगा। जिससे लैब को अतिरिक्त जगह मिल जाएगी। एचआईवी, मलेरिया व टीबी के टेस्ट एक जगह मिलने से लोगों को लाभ होगा। आगामी एक सप्ताह में विस्तार कार्य को पूरा कर लिया जाएगा।







