चंडीगढ़ : चन्द्रिका ( TSN)-आम आदमी पार्टी के प्रदेश अध्यक्ष डॉ सुशील गुप्ता ने कुरुक्षेत्र लोकसभा की जनता का आभार जताया है । उन्होंने कहा कि 5 लाख से ज्यादा मतदाताओं ने मुझ पर विश्वास जताया। इतना प्यार और सम्मान देने के लिए कुरुक्षेत्र की जनता और मतदाताओं का आभार। जनमत सर्वोपरि होता है, उसको स्वीकार करना चाहिए। इसलिए जीतने वाले हर व्यक्ति को बधाई। लोकतंत्र में जनता का आदेश सबसे बड़ा होता है।
विधानसभा चुनाव लड़ने के लिए पूरी तरह तैयार आम आदमी पार्टी
डॉ सुशील गुप्ता ने कहा कि आम आदमी पार्टी ने इंडिया गठबंधन के साथ मिलकर कुरुक्षेत्र की जनता की लड़ाई को मजबूती से लड़ा। इस चुनाव में जनता ने झाड़ू के निशान पर 5 लाख 13 हजार 154 वोट दिए। मात्र 29 हजार वोटों के अंतर से पीछे रहा। हर गांव और शहर के हर वार्ड से मुझे लोगों का पूरा आशीर्वाद मिला। हर वर्ग, हर जाति और धर्म के लोगों ने मुझे वोट दिया। उन्होंने कहा कि मैं कुरुक्षेत्र की उन्नति व विकास के लिए और यहां की जनता के लिए पहले से ही कार्य कर रहा हूं। कुरुक्षेत्र में एक अस्पताल खोलने का कार्य चल रहा है। आगे भी लोगों के शिक्षा और स्वास्थ्य के लिए काम करता रहूंगा। जनता को शिक्षा, स्वास्थ्य और मूलभुत सुविधाएं उपलब्ध कराना ही आम आदमी पार्टी की प्राथमिकता है। मैं आगे भी जनता की सेवा करूंगा और जनता के सुख दुख में शामिल रहूंगा।उन्होंने कहा कि पूरे हरियाणा से इंडिया गठबंधन को जिताने को आम आदमी पार्टी के कार्यकर्ता ने जी जान से मेहनत की और इंडिया गठबंधन के नेताओं ने कुरुक्षेत्र में पूरी मेहनत से काम किया, इसके लिए आभार। उन्होंने कहा कि आम आदमी पार्टी विधानसभा चुनाव लड़ने के लिए भी पूरी तरह तैयार है।







