Home Haryana गांव कुतबपुर में वोट डालने की प्रक्रिया पर ऐतराज जताने वाले...

गांव कुतबपुर में वोट डालने की प्रक्रिया पर ऐतराज जताने वाले सतबीर गोयत पर किया मामला दर्ज

157
0
कैथल : चन्द्रिका ( TSN)- जिला के गांव कुतबपुर में 85 वर्ष से अधिक आयु वर्ग के बुजुर्गों एवं 40 प्रतिशत से अधिक दिव्यांग मतदाताओं के पोस्टल बैलेट पेपर के माध्यम से घर पर वोट डलवाने गई पोलिंग टीम का विरोध करने तथा सरकारी कार्य में बाधा डालने वाले व्यक्ति के खिलाफ सदर थाना में विभिन्न धाराओं के तहत मामला दर्ज किया गया है।
स्टील बैलेट बॉक्सिज पर सील नहीं लगी होने पर किया था विरोध
        
जानकारी देते हुए एसडीएम एवं कैथल विधानसभा के एआरओ सुशील कुमार ने बताया कि गत 17 मई को चुनाव आयोग के दिशा-निर्देशानुसार 85 वर्ष से अधिक आयु वर्ग के बुजुर्गों एवं 40 प्रतिशत से अधिक दिव्यांग मतदाताओं के पोस्टल बैलेट पेपर के माध्यम से टीमें गठित करके घर पर वोट डलवाने की प्रक्रिया अमल में लाई जा रही थी। जिसमें पोलिंग पार्टी नंबर 4 के अधिकारियों व कर्मचारियों ने लिखित रूप से एआरओ को शिकायत दी कि गांव कुतबपुर में बूथ नंबर 79 के वोट संख्या 4 को डलवाने की प्रक्रिया के दौरान सतबीर गोयत नामक व्यक्ति ने इस चुनावी प्रक्रिया पर ऐतराज जताया कि टीम द्वारा स्टील बैलेट बॉक्सिज पर सील नहीं लगाई है और जिस लिफाफे में वोट डाला गया है, उसको भी सील नहीं किया गया है। इस प्रकार वोट को कोई भी चोरी कर सकता है। इस दौरान संबंधित व्यक्ति ने स्वयं द्वारा किए जा रहे विरोध की वीडियोग्राफी भी करवाई, परंतु मतदाता ने वोट डालने का कोई ऐतराज नहीं किया।
एआरओ सुशील कुमार का कहना ये 
एआरओ सुशील कुमार ने बताया कि सतबीर गोयत ने लोगों को प्रशासन और प्रशासन की प्रक्रिया के प्रति उकसाने का काम किया है और सरकारी कार्य में बाधा डाली है। जिसकी वजह से गांव वालों ने पोलिंग पार्टी को शेष 2 वोट डालने से मना कर दिया और पोलिंग पार्टी को मारने-पिटने की धमकी देकर गांव से बाहर कर दिया। इसके बाद इस मामले की शिकायत पुलिस को दी गई, जिसने सतबीर गोयत के खिलाफ विभिन्न धाराओं के तहत मामला दर्ज कर लिया है। उन्होंने बताया कि 85 वर्ष से अधिक आयु के एवं 40 प्रतिशत से अधिक दिव्यांग मतदाताओं को घर पर ही मतदान करने की प्रक्रिया आयोग की हिदायतानुसार सुनिश्चित की गई है। वोटिंग के दौरान पूरी गोपनीयता रखी गई है तथा वोटिंग प्रक्रिया की वीडियोग्राफी करवाई गई है। आयोग द्वारा बैलेट बॉक्सिज की सीलिंग बारे कोई निर्देश जारी नहीं किए गए हैं।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here