हरियाणा : चन्द्रिका ( TSN)- नायब सिंह सैनी ने मुख्यमंत्री का पदभार ग्रहण करने उपरान्त पत्रकारों को सम्बोधित करते हुए कहा कि निवर्तमान मुख्यमंत्री मनोहर लाल ने हरियाणा एक-हरियाणवी एक के मूलमंत्र पर चलते हुए बिना किसी भेदभाव के प्रदेश का चहुंमुखी विकास किया है। मनोहर लाल ने अन्तोदय की भावना से कार्य करते हुए अंतिम पंक्ति में खड़े व्यक्ति तक सरकारी योजनाओं का लाभ पहुँचाया है। हरियाणा की ट्रांसफर पॉलिसी, बिना पर्ची-बिना खर्ची रोज़गार जैसी अनेकों पहल से आज जनता में मनोहर लाल के प्रति बहुत विश्वास है। उन्होंने मंत्रिमंडल की प्रथम बैठक में मनोहर लाल के कार्यकाल में किये गए कार्यों पर धन्यवाद व्यक्त किया।
13 मार्च को हरियाणा विधान सभा का विशेष सत्र
मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी ने कहा कि 13 मार्च को हरियाणा विधान सभा विशेष सत्र बुलाने का निर्णय लिया गया है ।मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी ने प्रधान मंत्री नरेंद्र मोदी, भारतीय जनता पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष जे पी नड्डा, केन्द्रीय गृह मंत्री अमित शाह और हरियाणा भाजपा प्रभारी बिप्लव देब सहित केंद्रीय नेतृत्व का आभार व्यक्त करते हुए कहा कि जिस सोच के साथ उन्हें नयी जिम्मेदारी सौंपी गई है, वे उसी अनुसार कार्य करते हुए मनोहर लाल के जनसेवा भाव को आगे बढ़ने का काम करेंगे। राज्य सरकार हर व्यक्ति की अपेक्षाओं पर खरा उतरेगी। इससे पहले मुख्यमंत्री की अध्यक्षता में हुई मंत्रिमंडल की प्रथम बैठक में मंत्रिमंडल ने मनोहर लाल द्वारा प्रदेश की जनता की सेवा के लिए किये गए सतत प्रयासों के लिए मुक्त कंठ से उनका धन्यवाद व्यक्त किया। मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी ने कहा की हरियाणा मंत्रिमंडल उनकी नीति, सोच और कार्यों को आगे बढ़ाते हुए प्रदेश के चहुमुखी विकास की और गति प्रदान करने की दिशा में कार्य करेगा।







