अंबाला (एकता): अंबाला जिले में बा+ढ़ की मार झेल रहे लोगों को राहत पहुंचाने के लिए शर्मा परिवार एक बार फिर आगे आया और बा#ढ़ का पानी उतरने के बाद लोगों को हो रही स्वास्थ्य संबंधित दिक्कतों को देखते हुए मेडिकल कैंप लगाया। मीडिया सूत्रों के अनुसार पं. केदारनाथ चैरिटेबल ट्रस्ट एंव अस्पताल के बैनर तले लगाए गए इस मेडिकल कैंप को अंबाला शहर के वार्ड नंबर-10 जींद हाउस में लगाया गया।
इस अवसर पर मिशन अस्पताल से आए डॉक्टरों ने मरीजों की जांच की। वहीं अंबाला की मेयर शक्तिरानी शर्मा मौजूद रही और लोगों से उनकी परेशानियों को जाना। मेडिकल कैंप के दौरान लोगों के सामान्य रोगों की जांच के साथ-साथ खून की भी जांच की। शक्तिरानी शर्मा ने कहा कि यह आपदा का समय है और बाढ़ के बाद लोग कई तरह की स्वास्थ्य संबंधित परेशानियां झेल रहे हैं। जिसके कारण अंबाला शहर के सभी 20 वार्डों में दिन में दो बार सुबह व शाम को अलग-अलग जगह कैंप लगाए जाएंगे।
इस दौरान लोगों ने अपनी सफाई से संबंधित समस्याएं रखी, जिन्हें मेयर शक्तिरानी शर्मा ने मौके पर ही दरोगा को बुलाकर हल करवाया। जींद हाउस में मेडिकल कैंप लगाए जाने पर लोगों ने शर्मा परिवार का धन्यवाद किया।







