अंबाला (एकता): देशभर में भारी बारिश से जहां धान की बिजाई के लिए किसानों को फायदा मिल रहा तो वहीं दूसरी ओर यह बारिश गृहणियों के लिए परेशानी बनी हुई है। मीडिया सूत्रों के अनुसार हरियाणा में बारिश के चलते सब्जियों के दाम आसमान छू रहे हैं। जिससे रसोई का जायका बिगड़ रहा है।

आम आदमी इससे काफी परेशान है। टमाटर से लेकर हरी मिर्च तक महंगी हो गई है। जहां लोग पहले एक की जगह दो सब्जियां लेकर जाते थे वहीं अब उनके लिए एक सब्जी भी खरीदना मुश्किल हो रहा है। सब्जी में जलने वाला टमाटर पहले 20 से 25 रुपए था। लेकिन अब तो वह हाथ भी नहीं रहा।

आज टमाटर 100 रुपए के पार जा चुका है। जिससे लोगों के लिए रसोई का खर्चा चलाने में मुश्किल आ रही है। वहीं दूसरी तरफ सब्जियों के साथ-साथ अब फल भी महंगे दामों पर बिक रहे हैं। सेब का रेट कुछ दिन पहले 100 था अब 250 रुपए के पार पहुंचा हुआ है। लीची 150, जामुन 120 रुपए बिक रहा है। रेट बढ़ जाने के कारण ग्राहक भी कम कोई फल सही ढंग से नहीं खरीद पा रहे हैं।







