चंडीगढ़ (एकता): चंडीगढ़ के हरियाणा निवास में होने वाली हरियाणा सरपंच एसोसिएशन की मुख्यमंत्री से बैठक स्थगित हो गई है। मीडिया सूत्रों के अनुसार शुक्रवार सुबह 11:00 बजे हरियाणा निवास में हरियाणा सरपंच एसोसिएशन के पदाधिकारियों की मुख्यमंत्री से बैठक होनी थी। जिसके चलते डीआईजी लॉ एंड ऑर्डर ओपी नरवाल भी बैठक के लिए हरियाणा निवास पहुंचे थे। लेकिन मुख्यमंत्री हरियाणा का करनाल कार्यक्रम होने के चलते मीटिंग का समय दोबारा तय किया जाएगा।
उम्मीद जताई जा रही है कि शाम को दोबारा से तीसरे दौर की बैठक मुख्यमंत्री के साथ होगी। हरियाणा सरपंच एसोसिएशन के अध्यक्ष रणबीर समैण ने यह जानकारी दी। मांगों को लेकर बोलते हुए उन्होंने कहा कि अभी वह इस मामले में कुछ भी नहीं कह सकते। बैठक के बाद किन-किन मांगों पर सहमति हुई उसकी जानकारी मिल पाएगी। फिलहाल हरियाणा सरपंच एसोसिएशन का प्रतिनिधिमंडल वापस लौट गया है। करीब 4:00 बजे दोबारा से हरियाणा निवास में मुख्यमंत्री की बैठक हो सकती है। दरअसल मुख्यमंत्री मनोहर लाल खट्टर का आज करनाल दौरा है।
वह राज्य स्तरीय अंतर्राष्ट्रीय महिला दिवस कार्यक्रम में हिस्सा लेंगे। करनाल कार्यक्रम से पहले सुबह 10 बजे हरियाणा राजभवन में सभी विश्वविद्यालयों की वर्कशॉप के उद्घाटन सत्र में हिस्सा लेंगे। शाम 5:00 बजे प्रधानमंत्री स्वनिधि योजना के लाभार्थी स्ट्रीट वेंडर्स से मुख्यमंत्री संवाद करेंगे।