अंबाला (अंकुर कपूर): देश आजादी का अमृत महोत्सव मना रहा है। जगह-जगह राष्ट्र के सम्मान और शहीदों की शहादत को नमन करने के लिए कार्यक्रम आयोजित किए जा रहे हैं। देश का राष्ट्रीय ध्वज तिरंगा भारत की आन, बान व शान का प्रतीक है। लेकिन अंबाला में राष्ट्रीय ध्वज के अपमान का शर्मनाक मामला सामने आया है। जिससे पूरे अंबाला का सिर शर्म से झुक गया है।

नगर निगम के कारनामे की गवाही देने के लिए यह तस्वीर ही काफी है। जिसमें आप साफ-साफ देख सकते हैं कि जिस तिरंगे के लिए देश ने अपने लाखों बेटे खो दिए उस तिरंगे का अंबाला शहर नगर निगम किस तरह अपमान कर रहा है। नगर निगम में लगा तिरंगा किस कदर फटा हुआ है यह शब्दों से ब्यान करने की भी शायद आवश्यकता नहीं है।
निगम की बड़ी लापरवाही पर अंबाला पुलिस ने संज्ञान लिया है और पुलिस ने नगर निगम के खिलाफ FIR दर्ज कर दी है। पुलिस का कहना है कि अब यह पता लगाया जाएगा कि इस अपमान के लिए कौन अधिकारी या कर्मचारी जिम्मेदार है।







