रेवाड़ी (अंकुर कपूर): रेवाड़ी और झज्जर स्वास्थ्य विभाग की संयुक्त टीम ने लिंग जांच के नाम पर लोगों से ठगी करने वाले गिरोह के दो दलालों को पुलिस ने साठ हजार रुपए लेते हुए रंगे हाथ गिरफ्तार करने में सफलता हासिल की। बता दें कि पकड़े गए आरोपियों के खिलाफ पी.एन.डी.टी.एक्ट के तहत मामला दर्जकर पुलिस आगामी कार्यवाही में जुटी हुई है।
मीडिया सूत्रों के अनुसार झज्जर स्वास्थ्य विभाग को सूचना मिली थी कि रेवाड़ी में लिंग जांच करवाने के नाम पर एक गिरोह सक्रिय है जो लोगों से गलत तरीके से पैसे ऐंठने का काम कर रहा है। इसके बाद जिला उपायुक्त अशोक कुमार गर्ग के दिशा-निर्देश पर रेवाड़ी और झज्जर स्वास्थ्य विभाग की टीम ने एक डिकॉय गर्भवती महिला को तैयार किया जिसने रेवाड़ी के पवन लैब टैक्नीशियन व बावल के वेदप्रकाश से सम्पर्क किया और लिंग जांच का सौदा साठ हजार में तय हो गया।
इसके बाद लैब टैक्नीशियन पवन व उसके साथी ने उस महिला को रेवाड़ी के बस स्टैंड के पास बुलाया और वहां एक अस्पताल से महिला की प्रिस्क्रिप्शन स्लिप बनवाकर उसे रेवाड़ी के ही एक अल्ट्रासाउंड सेंटर पर ले गए, जहां उससे रुपए लिए गए और जांच के बाद पवन ने महिला को कहा सौ प्रतिशत लड़का होगा। पहले से तैनात से ही वहां तैनात स्वास्थ्य विभाग की टीम के साथ आई पुलिस ने दोनों दलालों को गिरफ्तार कर लिया। उन्होंने लोगों से अपील की कि इस प्रकार के कुकृत्यों को अंजाम देने वालों की सूचना जिला प्रशासन या स्वास्थ्य विभाग को दें जिनका नाम गुप्त रखा जाएगा और सरकार की तरफ से घोषित एक लाख रुपये की प्रोत्साहन राशि भी उन्हें दी जाएगी।







