पलवल (अंकुर कपूर): नाना-नानी के साथ पोते-पोतियों का रिश्ता बहुत गहरा होता है। मां-बाप से ज्यादा प्यार दादा-दादी और नाना-नानी करते हैं। लेकिन हरियाणा के पलवल में एक नाती ने अपने नाना की ही जान ले ली।
पलवल के गांव सिलौटी में जमीनी हड़पने के लालच के चलते नाती ने अपने नाना की गाड़ी से उनकी ही कुचल कर हत्या कर दी। पलवल अपराध जांच शाखा पुलिस ने नाती सहित एक आरोपी को गिरफ्तार किया है। साथ ही गाड़ी को भी कब्जे में ले लिया है। जानकारी के मुताबिक सेलौटी गांव में 14 अक्टूबर को जयराम नामक व्यक्ति का शव खेतों पर मिला था।
मृतक जयराम के भाई हरेराम ने पुलिस को दी शिकायत में कहा था कि उसके मृतक भाई और उसकी बेटी व नाती के बीच जमीन विवाद चल रहा था। नाना की जमीन हड़पने के लिए उसकी नाती ने जयराम की गाड़ी से टक्कर मारकर हत्या की है। पीड़ित का आरोप था कि उसका भाई जयराम जब खेतों के पास पहुंचा तो गांव निवासी मृतक के नाती शिव कुमार व पवन गाड़ी लेकर आए और जयराम को जान से मारने की नियत से सीधी टक्कर मार कर घायल कर दिया था। जिनकी अस्पताल में इलाज के दौरान मौत हो गई।
पुलिस ने मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू कर दी थी। मामले की गंभीरता को देखते हुए एसपी राजेश दुग्गल ने जांच के लिए एसआईटी का गठन कर दिया और जांच का जिम्मा डीएसपी सतेंद्र व सीआईए प्रभारी विश्व गौरव को सौंप दिया। विश्व गौरव ने बताया कि जांच के बाद उनकी टीम ने हत्या के दो आरोपियों मृतक के नाती बडौली गांव निवासी शिव कुमार व उसके साथी रजपुराकला निवासी अनिल को 29 दिसंबर को देर शाम अलीगढ़ रोड़ स्थित एक ढ़ाबे से गिरफ्तार कर लिया। पूछताछ में आरोपियों ने हत्या के मामले को कबूल कर लिया। जिसके बाद दोनों आरोपियों को शुक्रवार को अदालत में पेश कर चार दिन के पुलिस रिमांड पर लिया गया है।







