रेवाड़ी (अंकुर कपूर): रेवाड़ी की एक कंपनी को चालक ने ही लाखों रुपए की चपत लगा दी। बता दें कि शातिर चालक 70 लाख रुपए का स्क्रैप भरकर इंदौर लेकर चला था। जहां माल पहुंचना था वहां पर चेक किया तो 1500 किलोग्राम से भी ज्यादा स्क्रैप गायब मिला। रेवाड़ी के टीपी-9 कॉलोनी निवासी विजय कुमार ने सिटी पुलिस को शिकायत दर्ज कराई। उसने बताया कि उनकी RAGHAV METALS TRADE PVT LTD के नाम से कंपनी है। इस कंपनी में वह खुद डायरेक्टर है। उनकी कंपनी पीतल का स्क्रैप बेचने का काम करती है। उन्होंने ग्रीन एक्सप्रेस खाटूश्याम केरियर ट्रांसपोर्ट के जरिए गाड़ी में 11,541.75 KG माल 70,82,019 रुपए का माल इंदौर की एक कंपनी को भेजा था।
विजय कुमार ने बताया कि गाड़ी और माल से संबंधित तमाम कागजात के अलावा माल की पूरी संतुष्टि कराकर ड्राइवर को रेवाड़ी से रवाना किया था। इसके बाद इंदौर से 70 किलोमीटर पहले ड्राइवर मुबारिक ने कॉल कर बताया कि उसकी गाड़ी में तकनीकी खराबी के चलते आग लग गई है। यह सुनकर तुरंत विजय ने कहा कि आप गाड़ी के पास ही रुक जाए। उसके पास तुरंत 2 गार्ड और एक गाड़ी माल शिफ्ट करने के लिए भेज दी।
माल चेक करने पर 1500 KG कम मिला इसके बाद माल से लोड दूसरी गाड़ी जब इंदौर स्थित कंपनी में पहुंची तो यहां से भेजे गए माल का वजन किया गया, जिसमें 1500 किलोग्राम से ज्यादा माल गायब मिला। विजय कुमार के अनुसार, चोरी किए माल की कीमत साढ़े 9 लाख रुपए से ज्यादा है। डायरेक्टर ने ट्रांसपोर्ट कंपनी के मालिक व उसके चालक पर चोरी का संदेह जताया है। शहर थाना प्रभारी संजय कुमार ने बताया कि शिकायत मिलने के बाद तुरंत पुलिस हरकत में आई और चालक से कड़ाई से पूछताछ की तो उसने सब कुछ उगल दिया। आरोपी चालक को माल सहित गिरफ्तार कर लिया गया है जिसे आज कोर्ट में पेश किया जाएगा।







