चरखी दादरी (एकता): हरियाणा के चरखी दादरी का जवान सिक्किम हादसे में शहीद हुआ। अरविंद की शहादत की खबर पता लगने पर पूरे गांव में शोक की लहर दौड़ पड़ी। बता दें कि शुक्रवार देर रात परिजनों को उसके शहीद होने की खबर मिली। मीडिया सूत्रों के अनुसार सिक्किम बस हादसे में 16 सैनिकों की जान चली गई थी। इन जवानों में चरखी दादरी जिले के झोझूकलां निवासी हवलदार अरविंद भी शामिल थे।

परिजनों का कहना है कि हमारा बेटा 10 दिन पहले छुट्टी बिताकर ड्यूटी पर लौटा था। जनवरी में वो सेवानिवृत्ति के लिए आवेदन करने वाले थे। अरविंद करीब 15 साल पहले सेना में भर्ती हुए थे। उनकी नौकरी सिक्किम में लगी थी। उनकी बहू पिंकी हरियाणा पुलिस में हवलदार है और उसकी पोस्टिंग दादरी महिला थाने में है। दुख की बात यह है कि वह अपने बच्चे को गोद में उठाने से पहले ही शहीद हो गया। दरअसल उसकी पत्नी गर्भवती है।
अरविंद का एक आठ साल का बेटा भी है। अरविंद का पार्थिव शरीर रविवार दोपहर तक गांव में पहुंचेगा और उनका अंतिम संस्कार गांव में ही किया जाएगा। शहीद के घर नेताओं और लोगों का तांता लगा हुआ है। लोग उनके परिवार को ढांढस बंधा कर आ रहे हैं।







