अंबाला (अंकुर कपूर): आम आदमी पार्टी की उत्तरी हरियाणा की संयोजक चित्रा सरवारा की अध्यक्षता में अंबाला कैंट नगर परिषद के बाहर प्रॉपर्टी आईडी सर्वे गलत किए जाने और उसको ठीक करने के लिए जनता को बेवजह तंग किए जाने के विरोध में एक सांकेतिक धरना दिया गया। इस मौके पर चित्रा सरवारा ने मीडिया से बात करते हुए कहा कि सरकार ने एक भ्रष्टाचार का अवसर पैदा करने वाली आपदा लोगों के सर मढ़ दी है। उन्होंने कहा कि हरियाणा में प्रॉपर्टी कार्य का ठेका राजस्थान के एक कंपनी को दे दिया गया।
उन्होंने कहा कि इस टेंडर के तहत लगभग 42 लाख आईडी बनाई गई लेकिन आज देखने में मिल रहा है। ज्यादातर आईडी गलत है। उन्होंने कहा कि अधिकतर आईडी में कोई न कोई त्रुटि है जिसको लेकर जनता भ्रष्टाचार का शिकार हो रही है। उन्होंने कहा कि इन त्रुटियों को ठीक करवाने के लिए 200 से 500 रुपए तक का खर्चा लोगों को करना पड़ रहा है। इतना ही नहीं इनको ठीक कराने में लोगों के 2 से 3 महीने लग जाते हैं। उन्होंने नगर परिषद के अधिकारियों व कर्मचारियों पर लोगों को बेवजह तंग करने का आरोप लगाया। उन्होंने सरकार से अपील की है कि लोगों की प्रॉपर्टी आईडी फ्री में ठीक करके दी जाए।
नगर परिषद, अम्बाला छावनी के बाहर आम आदमी पार्टी द्वारा चित्रा सरवारा की अध्यक्षता में प्रॉपर्टी आईडी सर्वे गलत किए जाने और उसको ठीक करने के लिए जनता को बेवजह तंग किए जाने के विरोध में एक सांकेतिक धरना दिया गया। इस मौके पर आम आदमी पार्टी के कार्यकर्ता व आम जन भारी संख्या में मौजूद रहे। इस मौके पर आम आदमी पार्टी द्वारा नगर परिषद के सेक्रेटरी राजेश कुमार को ज्ञापन भी सौंपा गया। इस बारे में जब नगर परिषद के सेक्रेटरी राजेश कुमार से बात की तो उन्होंने कहा कि सरकार ने प्रॉपर्टी टैक्स आईडी का जिस कम्पनी को ठेका दिया गया था, उस कम्पनी ने उसको पूरा कर दिया था।
हरियाणा के सभी सिटी काउंसिल में ये डाटा अपलोड कर दिया गया था। उन्होंने कहा कि लोगों को अपनी प्रॉपर्टी आईडी को ऑनलाइन चेक करने के लिए कहा गया था और उसमें जो भी कमियां है उनको ठीक करा लें। उन्होंने बताया कि उस दौरान 7200 के लगभग ऑब्जेक्शन आए और अलग-अलग वार्डों में जाकर कंपनी द्वारा कैंप भी लगाए गए, ताकि वो अपनी प्रॉपर्टी आईडी की त्रुटियों को ठीक करवा लें।







