यमुनानगर (अंकुर कपूर): यमुनानगर में फर्जी ई-रवाना के जरिए अवैध खनन करने के आरोपी एमटी करेहडा निवासी पवन कुमार को सीआइए टू की टीम ने गिरफ्तार कर लिया। उसे उत्तर प्रदेश के सहारनपुर के सरसावा टोल टैक्स के पास से गिरफ्तार किया गया। आरोपित को कोर्ट में पेश कर दो दिन के रिमांड पर लिया है। सीआइए टू के इंचार्ज राकेश कुमार ने बताया कि आरोपी को दो दिन के रिमांड पर लिया गया है। उससे लैपटाप, प्रिंटर व नकदी बरामद करनी है।
पुलिस के अनुसार, खनन विभाग के माइनिंग इंस्पेक्टर रोहित कुमार ने टीम के साथ टापू कमालपुर स्थित ट्रेडर्स फर्म का निरीक्षण किया। इस फर्म के पास खनन का लाइसेंस है। टीम ने कंपनी की साइट पर जांच की। जांच में सामने आया कि जिस साइट पर कंपनी ने खनन सामग्री का स्टाक बताया। वहां पर खेती हो रही थी। मौके पर धान की फसल खड़ी थी। जबकि विभाग के पोर्टल पर फर्म लगातार खनन सामग्री बेच रही है।
फर्म का 23 जून 2022 से 12 सितंबर 2022 तक खनन सामग्री बिक्री का रिकार्ड पोर्टल पर मिला है। फर्जी-ई रवाना के जरिए यह खनन किया गया। इस मामले की जांच सीआइए टू की टीम कर रही थी। जिसमें स्पेशल इंवेस्टीगेशन टीम बनाई गई थी। टीम में एसआइ सुमित भी शामिल हैं। इस मामले में ही फर्म के संचालक एमटी करेहडा निवासी पवन कुमार को गिरफ्तार किया है।







