यमुनानगर (अंकुर कपूर): हरियाणा में पंचायती चुनाव के लिए वोटिंग जैसे-जैसे नजदीक आ रही हैं वैसे ही गांव में सरगर्मियां तेज हो रही है, लेकिन यमुनानगर जिले के बाल छप्पर गांव में अज्ञात बदमाशों ने दहशत मचा रखी है। दरअसल बदमाशों ने एक उम्मीदवार दावेदार के घर ताबड़तोड़ हवाई फायरिंग कर दी जिससे ग्रामीण डरे हुए हैं। लालदास की धर्मपत्नी इस बार बाल छप्पर गांव में सरपंच पद की उम्मीदवार की दावेदार थी और जल्द ही उन्हें नामांकन दाखिल करना था, लेकिन बदमाशों की इस हवाई फायरिंग से डर का माहौल बना हुआ है।
इस घटना के बाद कई उम्मीदवार नामांकन दाखिल करने से हिचकिचा रहे हैं। हालांकि इस गांव का ट्रैक रिकॉर्ड देखा जाए तो वो बेहद डरावना है। इससे पहले भी गांव के सरपंच की हत्या कर दी गई थी। पहले उसे धमकी दी गई और बाद में अज्ञात बदमाशों ने उसे मौत के घाट उतार दिया। अब इस घटना के बाद ग्रामीण खुलकर बोलने को भी तैयार नहीं हैं। घटना की सूचना मिलते ही डीएसपी प्रमोद कुमार समेत सीआईए की टीम घटनास्थल पर पहुंची और वारदात की घटना का जायजा लिया। डीएसपी प्रमोद कुमार का कहना है कि इस मामले में पुलिस की जांच जारी है।







