भिवानी (अकुंर कपूर): भिवानी पहुंचे हरियाणा के पंचायत मंत्री देवेंद्र बबली ने संकेत दिए कि जेजेपी पंचायत चुनाव सिंबल पर नहीं लड़ेगी। पार्टी ने ये फैसला जिला कार्यकारिणी पर छोड़ दिया है। साथ ही कहा कि आदमपुर उपचुनाव में गंठबंधन में कोई गांठ नहीं। जेजेपी नेताओं की जहां भी ड्यूटी लगेगी, वहां जाकर ये चुनाव मज़बूती से लड़ेंगे।
बता दें कि पंचायत मंत्री देवेंद्र बबली भिवानी के देवीलाल सदन में पंचायत चुनाव व आदमपुर उप चुनाव को लेकर जिला कार्यकारिणी की बैठक लेने पहुंचे थे। इस दौरान उन्होंने पार्टी पादाधिकारियों से चर्चा की। जिसके बाद मीडिया से मुखातिब होते हुए उन्होंने इस बारे में जानकारी दी। पंचायत मंत्री देवेंद्र बबली ने कहा कि जेजेपी के ज्यादा कार्यकर्ता पंचायत चुनाव सिंबल पर नहीं लड़ना चाहते। उन्होंने कहा कि राष्ट्रीय अध्यक्ष डॉ. अजय सिंह चौटाला की अध्यक्षता में हुई प्रदेश कार्यकारिणी की बैठक में फैसला लिया है कि पंचायत चुनाव सिंबल पर लड़ने या ना लड़ने का अंतिम फैसला अब हर जिला कार्यकारिणी पर छोड़ा है।
हर जिला की कार्यकारिणी इस बारे में अपने स्तर पर फैसला लेगी। वहीं आदमपुर उप चुनाव में बीजेपी व जेजेपी के पोस्टर वार पर जेजेपी नेता दिग्विजय चौटाला के एतराज पर पंचायत मंत्री देवेंद्र बबली ने कहा कि ये मामला पुराना हो चुका है। दोनों पार्टियों ने मिल बैठ कर इसे सुलझा लिया है। उन्होंने कहा कि कि आदमपुर उप चुनाव में जेजेपी नेताओं की जहां भी ड्यूटी लगेगी। वहीं प्रचार के लिए जाएंगे और मज़बूती से चुनाव लड़ेंगे। उन्होंने कहा कि कि जब सरकार गठबंधन में चल रही है तो ये उप चुनाव भी गठबंधन में लड़ेंगे और दोनों पार्टियां गठबंधन धर्म को सही से निभाएंगी। देवेंद्र बबली इस दौरान सवालों से बचते नजर आए।







