यमुनानगर (अंकुर कपूर): यमुनानगर में बदमाश बेखौफ होते जा रहे हैं। उन्हें पुलिस प्रशासन का कोई डर नहीं रहा। यमुनानगर के जगाधरी रोड पर पेट्रोल पंप पर बुधवार रात कुछ युवक आए और उन्होंने पेट्रोल पंप कर्मचारियों से बोतल में तेल भरने के लिए कहा। जब उन्होंने इनकार किया तो पेट्रोल पंप कर्मचारियों से बदमाशों ने मारपीट शुरू कर दी। इतना ही नहीं उन्होंने अपने अन्य साथियों को फोन कर वहां बुला लिया। झगड़े को छुड़ाने आए पेट्रोल पंप के मैनेजर बलिंदर सिंह के साथ भी बदमाशों ने मारपीट की। इसी दौरान एक पेट्रोल पंप कर्मचारी ने 112 नंबर पर पुलिस को सूचना दी।

पुलिस की दो गाड़ियां तुरंत मौके पर पहुंची। इसी दौरान बदमाश वहां से भागने में सफल हो गए। लेकिन उनका एक साथी पेट्रोल पंप कर्मचारियों ने काबू करके पुलिस के हवाले कर दिया। आप तस्वीरों में देख सकते हैं जैसे ही इस युवक को पुलिस कर्मचारी गाड़ी में बैठाने को हुए उन्हें बातों में उलझाए रखा। जैसे ही पुलिस वालो ने जबरदस्ती युवक को गाड़ी में बैठाने का प्रयास किया, पुलिस कर्मचारियों को धक्का देकर वह वहां से भाग निकला। पुलिस कर्मचारी उसके पीछे भागे लेकिन वह हाथ नहीं आया।

पेट्रोल पंप मैनेजर का कहना है कि बदमाशों ने पेट्रोल पंप से कर्मचारियों से काफी बुरी तरह मारपीट की और 7 हजार की नकदी छीन कर फरार हो गए। वहीं थाना जगाधरी प्रभारी रामपाल ने बताया कि मौके पर सीसीटीवी फुटेज में सारी घटना कैद हुई है। पुलिस कर्मचारियों को धक्का देकर युवक फरार हुआ है। उन्होंने कहा कि आरोपियों की जल्द गिरफ्तारी की जाएगी, विभिन्न धाराओं में उनके खिलाफ मामला दर्ज कर लिया गया है।








