अंबाला (एकता): रेलवे ने पर्यटन और धार्मिक स्थलों की यात्रा करने वाले श्रद्धालुओं को बड़ा तोहफा दिया है। बता दें कि रेवाड़ी, चरखी दादरी, भिवानी और हिसार के हजारों रेल यात्रियों के लिए धार्मिक स्थल तक सीधी रेल सेवाएं दी जाएंगी। मीडिया सूत्रों के अनुसार पिछले 3 साल से बंद पड़ी उदयपुर सिटी से जम्मू तवी तक स्पेशल फेस्टिवल साप्ताहिक गरीब रथ ट्रेन 28 अप्रैल से 30 जून तक शुरू की जाएंगी।
इस ट्रेन का वैष्णो देवी जाने वाले श्रद्धालुओं को भी काफी लाभ मिलेगा। दरअसल लोग गर्मी की छुट्टियों के लिए घूमने का प्लान बनाते हैं, जिसके चलते रेलवे ने यह ट्रेन लोगों के लिए शुरू की है। ऐसे में ट्रेन सस्ता और सुगम यात्रा का जरिया है। रेलवे द्वारा जारी किए गए कार्यक्रम के अनुसार 04655 उदयपुर सिटी-जम्मू तवी गरीब रथ ट्रेन सप्ताह के हर शुक्रवार 14:20 बजे उदयपुर से रवाना होगी और यह रात के बाद शनिवार सुबह 2:50 बजे भिवानी पहुंचेगी और दोपहर बाद 15:10 बजे जम्मू तवी पहुंचेगी।
एडवांस टिकट बुकिंग
बता दें कि ट्रेन के लिए चार महीने पहले ही एडवांस टिकट बुकिंग चल रही है। उदयपुर सिटी से जम्मू तवी ट्रेन के लिए लोग बुकिंग करवा रहे हैं। ऐसे में परिवार भ्रमण का शेड्यूल भी तय कर रहे हैं। दूसरी तरफ कोरोना वायरस की वजह से उदयपुर सिटी से जम्मू तवी के बीच साप्ताहिक गरीब रथ ट्रेन तीन साल से बंद पड़ी थी। यह रेल सेवा फिर से शुरू होने से कई लोगों को इसका फायदा मिलेगा।







