चंडीगढ़ (अंकुर कपूर): हरियाणा में एंटी करप्शन ब्यूरो (ACB) ने बड़ी कार्रवाई की है। बता दें कि रिश्वतखोरी के अलग-अलग मामलों में जज के रीडर सहित 4 लोगों को गिरफ्तार किया है। मीडिया सूत्रों के अनुसार इस कार्रवाई में एक सहायक लाइनमैन (एएलएम), न्यायिक मजिस्ट्रेट के रीडर और अहलमद तथा कानूनगो (सेवानिवृत्त) सहित चार आरोपियों को 40,000 रुपए की रिश्वत लेते हुए गिरफ्तार किया है।
एसीबी की टीम ने पहले मामले में सब डिवीजन बहालगढ़, सोनीपत में तैनात एएलएम लवकुश को 25 हजार रुपए की रिश्वत लेते गिरफ्तार किया। एक अन्य मामले में एसीबी की टीम ने फरीदाबाद के न्यायिक दंडाधिकारी प्रथम श्रेणी (जेएमआईसी) की अदालत में अहलमद के पद पर तैनात क्लर्क सुमित को शिकायतकर्ता से 3 हजार रुपए रिश्वत लेते हुए गिरफ्तार किया।
प्रवक्ता ने बताया कि तीसरे मामले में एसीबी की टीम ने फरीदाबाद में जेएमआईसी कोर्ट में रीडर के पद पर तैनात क्लर्क हंसराज को 2 हजार रुपए की रिश्वत लेते हुए काबू किया। एक अन्य कार्रवाई में एसीबी की टीम ने रामदिया, कानूनगो (सेवानिवृत्त) को 10 हजार रुपए की रिश्वत लेते हुए गिरफ्तार किया। आरोपियों पर भ्रष्टाचार निवारण अधिनियम और भारतीय दंड संहिता की संबंधित धाराओं के तहत मामले दर्ज किये गये हैं और आगे की जांच जारी है।







