फतेहाबाद (एकता): हिसार के अग्रोहा मेडिकल कॉलेज के पास एक दर्दनाक सड़क हादसे में फतेहाबाद में तैनात डीएसपी चंद्रपाल की मौत होने से पुलिस में हड़कंप मच गया। पुलिस ने हरियाणा DSP को कुचलने वाली कार बरामद की है। मीडिया सूत्रों के अनुसार यह कार राजस्थान नंबर के निवासी (ड्राइवर) की है। जो हिसार में साइकिलिंग करते डीएसपी को कुचलने के बाद लावारिस छोड़ भागा था।

जानकारी के मुताबिक साइकिलिंग कर रहे डीएसपी को कार ने जोरदार टक्कर मार दी, जिससे उन्होंने मौके पर ही दम तोड़ दिया। बताया जा रहा है कि डीएसपी को साइकिलिंग का शौक था और रोजाना की तरह शाम को साइकिलिंग करते हुए अग्रोहा होकर हिसार की तरफ आ रहे थे। अचानक अग्रोहा मोड़ नहर के पास पहुंचे तो पीछे से कार ने टक्कर मार दी, जिससे डीएसपी दूर जाकर गिरे। घायल को अग्रोहा मेडिकल कालेज में भर्ती करवाया गया जहां उनकी मौत हो गई।
घटना के बाद फतेहाबाद पुलिस के आला अधिकारी अग्रोहा मेडिकल कॉलेज पहुंच गए। हादसे के बाद उनकी साइकिल टूटी हालत में सड़क के किनारे पड़ी मिली। उसके बगल में ही उनका सामान भी बिखरा हुआ था। घटना का पता चलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और कार्रवाई शुरू कर दी।







