Home Haryana सोनीपत में रोडवेज बसों की बदहाल स्थिति उजागर, लगातार दूसरे दिन रास्ते...

सोनीपत में रोडवेज बसों की बदहाल स्थिति उजागर, लगातार दूसरे दिन रास्ते में खराब हुई बस

8
0

सोनीपत। गोहाना सब-डिपो की हरियाणा रोडवेज बसों में लगातार सामने आ रही तकनीकी खराबी ने यात्रियों की परेशानी बढ़ा दी है। बसों के रखरखाव और मरम्मत व्यवस्था पर भी सवाल खड़े हो रहे हैं। मंगलवार को रोहतक से गोहाना आ रही एक रोडवेज बस के अगले पहिये से अचानक धुआं निकलने लगा। स्थिति की गंभीरता को देखते हुए चालक ने तुरंत बस को सड़क किनारे रोक दिया और सभी यात्रियों को सुरक्षित नीचे उतार लिया। आशंका जताई गई कि पहिये के ब्रेक लेदर में आग लग सकती थी। गनीमत रही कि चालक की सतर्कता से बड़ा हादसा टल गया और सभी यात्री सुरक्षित बच गए।

यह घटना गोहाना बाईपास के पास हुई। बस के पहिये से धुआं उठता देखकर चालक ने पानी का प्रबंध कर पहिये पर डाला, लेकिन काफी देर तक धुआं निकलना बंद नहीं हुआ। बस के बीच रास्ते में खड़े हो जाने से यात्रियों को परेशानी का सामना करना पड़ा। उन्हें आगे की यात्रा के लिए दूसरे साधनों का इंतजाम करना पड़ा।

रोडवेज बसों में खराबी का यह लगातार दूसरे दिन का मामला है। इससे पहले सोमवार सुबह करीब आठ बजे गोहाना से रोहतक के लिए रवाना हुई एक बस महज दो किलोमीटर चलने के बाद बाईपास पर खराब हो गई थी। बस के रेस सिस्टम में तकनीकी खराबी आने से उसके पहिये रुक गए थे। इसके चलते बस में सवार करीब 50 यात्रियों को हाईवे के बीच उतरना पड़ा था। लगातार दो दिनों में सामने आई इन घटनाओं ने बसों की तकनीकी स्थिति और नियमित जांच व्यवस्था पर सवाल खड़े कर दिए हैं।

गोहाना सब-डिपो के बेड़े में विभाग की अपनी 40 बसें हैं, जबकि 30 बसें किलोमीटर स्कीम के तहत संचालित की जा रही हैं। विभागीय बसों की मरम्मत और फिटनेस सुनिश्चित करने की जिम्मेदारी वर्कशॉप पर है, लेकिन वहां एक भी स्थायी मैकेनिक तैनात नहीं है। वर्कशॉप में हेल्पर मैकेनिक, हेल्पर इलेक्ट्रीशियन और प्रशिक्षण प्राप्त कर रहे अप्रेंटिस युवाओं के सहारे कामकाज चलाया जा रहा है। ऐसे में प्रशिक्षुओं का प्रशिक्षण पूरा होने और नए अप्रेंटिस नहीं आने की स्थिति में मरम्मत कार्य प्रभावित होने का खतरा बना हुआ है।

वर्कशॉप में प्रशिक्षित कर्मचारियों की कमी के साथ टायरों की उपलब्धता भी बड़ी समस्या बनी हुई है। पर्याप्त टायर नहीं मिलने के कारण करीब आठ से दस बसें वर्कशॉप में खड़ी हैं। बसों की कमी के चलते कई स्थानीय रूटों पर परिवहन सेवाएं प्रभावित हो रही हैं। इससे रोजाना सफर करने वाले यात्रियों को परेशानी उठानी पड़ रही है।

गोहाना बस स्टैंड के सर्विस सेंटर इंचार्ज देवेंद्र कुमार के अनुसार, वर्कशॉप में उपलब्ध कर्मचारियों और संसाधनों के जरिए बसों को दुरुस्त रखने और बेहतर परिवहन सेवा देने का प्रयास किया जा रहा है। हालांकि, उन्होंने स्वीकार किया कि वर्कशॉप में स्थायी और प्रशिक्षित कर्मचारियों की कमी है।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here