Home Haryana राजौंद के पूर्व विधायक सतविंदर सिंह राणा का निधन, शनिवार को होगा...

राजौंद के पूर्व विधायक सतविंदर सिंह राणा का निधन, शनिवार को होगा अंतिम संस्कार

19
0

कैथल। राजौंद विधानसभा क्षेत्र के पूर्व विधायक और कांग्रेस के वरिष्ठ नेता सतविंदर सिंह राणा का लंबी बीमारी के बाद निधन हो गया। उनके निधन की जानकारी परिजन देवेंद्र उर्फ बिल्लू राणा ने दी। उनके जाने से कैथल जिले के राजनीतिक और सामाजिक क्षेत्र में शोक की लहर है। उनका अंतिम संस्कार शनिवार को राजौंद में किया जाएगा।

सतविंदर सिंह राणा क्षेत्र के सक्रिय और प्रभावशाली नेताओं में गिने जाते थे। उन्हें पूर्व केंद्रीय मंत्री चौधरी बीरेंद्र सिंह डूमरखां का करीबी माना जाता था। उन्होंने लंबे समय तक कांग्रेस में रहकर संगठन के विभिन्न पदों पर जिम्मेदारियां निभाईं। वर्ष 1996 में उन्होंने तिवारी कांग्रेस के टिकट पर पहली बार राजौंद विधानसभा क्षेत्र से चुनाव जीतकर विधानसभा में प्रवेश किया था। इसके बाद वर्ष 2005 में कांग्रेस के टिकट पर दूसरी बार विधायक निर्वाचित हुए। इस तरह उन्होंने दो बार राजौंद क्षेत्र का प्रतिनिधित्व किया।

राणा वर्ष 1982 से 2014 तक कांग्रेस से जुड़े रहे। इस दौरान वर्ष 2007 से 2014 तक उन्होंने पार्टी के प्रदेश महासचिव के रूप में भी काम किया। वर्ष 2009 और 2014 में उन्होंने पंचकूला जिले की कालका विधानसभा सीट से चुनाव लड़ा, लेकिन दोनों ही बार उन्हें हार का सामना करना पड़ा। बाद में परिसीमन के दौरान राजौंद विधानसभा क्षेत्र समाप्त कर दिया गया और इसके गांव अलग-अलग विधानसभा क्षेत्रों में शामिल कर दिए गए।

राजौंद निवासी सुरेंद्र और मनबीर के अनुसार, कांग्रेस छोड़ने के बाद सतविंदर राणा जननायक जनता पार्टी में शामिल हो गए थे। वर्ष 2019 के विधानसभा चुनाव में उन्होंने जजपा के टिकट पर कलायत सीट से चुनाव लड़ा था। इस दौरान उन्होंने पुराने राजौंद विधानसभा क्षेत्र के गांवों में जाकर दुष्यंत चौटाला के समर्थन में प्रचार किया और ग्रामीणों से उनके पक्ष में मतदान करने की अपील की थी। चुनाव में राणा को करीब 37 हजार वोट मिले थे।

वर्ष 2024 में सतविंदर सिंह राणा ने जजपा छोड़कर दोबारा कांग्रेस में वापसी की थी। पूर्व सांसद रणदीप सिंह सुरजेवाला की मौजूदगी में उन्होंने कांग्रेस की सदस्यता ग्रहण की थी। उनके निधन से जिले के राजनीतिक गलियारों में शोक का माहौल है। उनके समर्थक और परिचित उनके लंबे राजनीतिक सफर, क्षेत्र में सक्रिय भूमिका और पुराने संबंधों को याद कर रहे हैं।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here