सोनीपत। हरियाणा के सोनीपत में घर के बाहर खेल रहे सवा दो साल के मासूम की बोलेरो गाड़ी की चपेट में आने से मौत हो गई। हादसा गांव बढ़मलिक के पास स्थित जगवीर कॉलोनी में हुआ। आरोप है कि चालक तेज रफ्तार और लापरवाही से वाहन पीछे कर रहा था, इसी दौरान गाड़ी ने बच्चे को कुचल दिया। परिजन आनन-फानन में घायल बच्चे को नागरिक अस्पताल लेकर पहुंचे, लेकिन डॉक्टरों ने जांच के बाद उसे मृत घोषित कर दिया। घटना के बाद चालक वाहन सहित मौके से फरार हो गया। पुलिस ने बच्चे के पिता की शिकायत पर आरोपी चालक के खिलाफ मामला दर्ज कर उसकी तलाश शुरू कर दी है।
मृतक बच्चे की पहचान ओम के रूप में हुई है। उसके पिता शुभम मूल रूप से उत्तर प्रदेश के सीतापुर जिले के गांव कनवाखेड़ा के रहने वाले हैं और फिलहाल परिवार के साथ सोनीपत के बढ़मलिक स्थित जगवीर कॉलोनी में रह रहे हैं। शुभम ने राई थाना पुलिस को दी शिकायत में बताया कि उनके दो बेटे हैं। बड़ा बेटा ओम मंगलवार शाम घर के बाहर खेल रहा था। इसी दौरान सीतापुर जिले के गांव चौखड़िया निवासी आलोक बोलेरो गाड़ी को तेज गति और लापरवाही से पीछे करने लगा। वाहन की चपेट में आने से ओम गंभीर रूप से घायल हो गया।
शुभम के अनुसार, हादसा होते ही परिवार के सदस्यों ने शोर मचाकर चालक को रोकने का प्रयास किया, लेकिन वह गाड़ी लेकर मौके से भाग निकला। इसके बाद परिजन बच्चे को तुरंत सोनीपत के नागरिक अस्पताल ले गए। वहां चिकित्सकों ने उसे मृत घोषित कर दिया। मासूम की मौत से परिवार में मातम पसरा हुआ है।
पुलिस के मुताबिक, रात नागरिक अस्पताल से बच्चे की मौत की सूचना मिलने पर एएसआई राजकुमार पुलिस टीम के साथ अस्पताल पहुंचे। वहां बच्चे के पिता शुभम ने लिखित शिकायत दर्ज कराई। शिकायत के आधार पर राई थाना पुलिस ने बोलेरो चालक आलोक के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज कर ली है।
थाना प्रभारी यशवीर सिंह ने बताया कि बोलेरो की चपेट में आने से बच्चे की मौत हुई है। आरोपी चालक हादसे के बाद से फरार है। पुलिस उसकी तलाश में जुटी हुई है और जल्द ही उसे गिरफ्तार करने का प्रयास किया जा रहा है।







