Home Haryana हरियाणा में प्रदूषण का प्रकोप बरकरार, बहादुरगढ़ देश के सबसे प्रदूषित शहरों...

हरियाणा में प्रदूषण का प्रकोप बरकरार, बहादुरगढ़ देश के सबसे प्रदूषित शहरों में दूसरे नंबर पर

5
0

चंडीगढ़। हरियाणा में वायु प्रदूषण का स्तर लगातार चिंताजनक बना हुआ है। प्रदेश के पांच शहर देश के सबसे प्रदूषित शहरों की सूची में शामिल रहे। बहादुरगढ़ 376 एक्यूआई के साथ देश में दूसरे स्थान पर रहा, जबकि हिसार और फतेहाबाद 358 एक्यूआई के साथ संयुक्त रूप से तीसरे स्थान पर दर्ज किए गए। गुरुग्राम के पंचगांव में एक्यूआई 354 रहा, जिसके साथ यह देश में पांचवें स्थान पर रहा। फरीदाबाद 347 एक्यूआई के साथ सातवें और गुरुग्राम 340 एक्यूआई के साथ आठवें स्थान पर रहा।

प्रदेश के 10 शहरों में वायु गुणवत्ता सूचकांक (एक्यूआई) 200 से 300 के बीच दर्ज किया गया। इनमें करनाल 298, मानेसर 289, सिरसा 276, भिवानी 271, धारूहेड़ा और कुरुक्षेत्र 267-267, चरखी दादरी 251, रोहतक 248, सोनीपत 221 और पानीपत 210 एक्यूआई पर रहे। इन शहरों में हवा खराब श्रेणी में दर्ज की गई। वहीं, पलवल में एक्यूआई 165, अंबाला में 167, कैथल में 179, नारनौल में 176 और पंचकूला में 121 रहा।

उधर, प्रदेश में पराली जलाने के मामलों पर कार्रवाई भी जारी है। शनिवार को पराली जलाने के चार नए मामले सामने आए। इस दौरान सात नई एफआईआर दर्ज की गईं और दो रेड एंट्री की गईं। इसके साथ ही प्रदेश में पराली जलाने के कुल मामलों की संख्या 233 हो गई है। पराली जलाने की घटनाओं को लेकर अब तक प्रदेश में कुल 90 एफआईआर दर्ज की जा चुकी हैं, जबकि 23 रेड एंट्री की गई हैं। इससे पहले तक 83 एफआईआर और 21 रेड एंट्री दर्ज थीं। इसके अलावा पराली जलाने की घटनाओं को रोकने में लापरवाही बरतने के आरोप में 190 नोडल अधिकारियों को नोटिस जारी किए जा चुके हैं।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here