Home Haryana इंद्री स्टेट हाईवे पर मर्सिडीज कार में लगी भीषण आग, दो युवकों...

इंद्री स्टेट हाईवे पर मर्सिडीज कार में लगी भीषण आग, दो युवकों ने कूदकर बचाई जान

14
0

करनाल। इंद्री स्टेट हाईवे पर देर रात एक मर्सिडीज कार अचानक आग की चपेट में आ गई। कार में रोहतक निवासी दो युवक सवार थे। आग लगने का पता चलते ही दोनों युवकों ने सूझबूझ दिखाते हुए गाड़ी सड़क किनारे रोक दी और तुरंत बाहर निकलकर अपनी जान बचाई। कुछ ही देर में आग ने पूरी कार को अपनी चपेट में ले लिया और वाहन पूरी तरह जलकर खाक हो गया।

जानकारी के अनुसार, घटना रात करीब 12:30 बजे की है। दोनों युवक मर्सिडीज कार में करनाल से इंद्री की ओर जा रहे थे। इसी दौरान उनके आगे एक ट्रक चल रहा था, जिसका पिछला बंपर टूटा हुआ था। बताया जा रहा है कि कार चालक ने ट्रक चालक को इसकी जानकारी देने के लिए ट्रक से आगे निकलने का प्रयास किया और कार की रफ्तार बढ़ा दी।

इसी दौरान अचानक कार में आग लग गई। स्थिति को भांपते हुए युवकों ने तुरंत कार को सड़क किनारे रोका और बिना देर किए बाहर निकल आए। देखते ही देखते आग तेजी से फैल गई और पूरी गाड़ी धू-धू कर जलने लगी। कार से उठती ऊंची लपटों को देखकर आसपास के लोग भी मौके पर एकत्र हो गए।

घटना की सूचना दमकल विभाग को दी गई। सूचना मिलते ही दमकल कर्मी मौके पर पहुंचे और काफी मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया। हालांकि, तब तक मर्सिडीज कार पूरी तरह जल चुकी थी। राहत की बात यह रही कि दोनों युवक समय रहते वाहन से बाहर निकल गए और इस घटना में उनकी जान बच गई।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here