Home Haryana फतेहाबाद में आठ दिन से प्रदूषण का कहर: AQI 338 पहुंचा, सांस...

फतेहाबाद में आठ दिन से प्रदूषण का कहर: AQI 338 पहुंचा, सांस और गले के मरीज बढ़े

13
0

फतेहाबाद। जिले में वायु प्रदूषण का स्तर लगातार चिंताजनक बना हुआ है। पिछले आठ दिनों से हवा की गुणवत्ता में कोई खास सुधार नहीं हुआ है और वायु गुणवत्ता सूचकांक (AQI) 338 तक पहुंच गया है। प्रदूषित हवा का असर अब लोगों की सेहत पर भी दिखाई देने लगा है। गले में खराश, दर्द और सांस लेने में परेशानी जैसी शिकायतों के साथ मरीज अस्पताल पहुंच रहे हैं। ईएनटी विभाग की ओपीडी में गले से जुड़ी समस्याओं के मरीजों की संख्या बढ़ रही है, वहीं अस्थमा से पीड़ित लोगों को भी अधिक परेशानी का सामना करना पड़ रहा है।

प्रदूषण की स्थिति के बीच प्रशासन का दावा है कि जिले में पराली जलाने की घटनाओं में पिछले वर्षों की तुलना में 70 से 80 प्रतिशत तक कमी आई है। हालांकि, इसके बावजूद वायु गुणवत्ता में अपेक्षित सुधार नहीं हुआ है। वीरवार को भूना क्षेत्र और रतिया के गांव कलोठा में पराली जलाने के दो नए मामले सामने आए। हरियाणा अंतरिक्ष अनुप्रयोग केंद्र (हरसेक) के आंकड़ों के अनुसार, जिले में अब तक पराली जलाने के कुल 14 मामले दर्ज किए जा चुके हैं।

स्वास्थ्य विशेषज्ञों ने लोगों को प्रदूषित हवा से बचाव के लिए सावधानी बरतने की सलाह दी है। ईएनटी विशेषज्ञ डॉ. जयप्रकाश ने लोगों से बाहर निकलते समय मास्क लगाने और गले में खराश या परेशानी होने पर गर्म पानी से गरारे करने की सलाह दी है। वहीं, छाती रोग विशेषज्ञ डॉ. मनीष टुटेजा ने अस्थमा के मरीजों को विशेष सतर्कता बरतने को कहा है। उन्होंने ऐसे मरीजों को प्रदूषण के अधिक स्तर के दौरान अनावश्यक रूप से बाहर निकलने से बचने की सलाह दी है।

प्रदूषण कम करने के लिए नगर परिषद की ओर से भी कदम उठाए जा रहे हैं। शुक्रवार को 45 लाख रुपये की लागत से खरीदी गई स्मॉग गन के माध्यम से शहर में पानी का छिड़काव कराया गया। इसका उद्देश्य हवा में मौजूद धूल और प्रदूषण के कणों को कम करना है। हालांकि, इन प्रयासों के बावजूद फतेहाबाद का AQI 300 के पार बना हुआ है। इससे साफ है कि प्रदूषण पर नियंत्रण के लिए अभी और प्रभावी कदम उठाने की जरूरत है।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here