अंकुर कपूर, अंबाला। दिवाली के बाद से वायु प्रदूषण का स्तर लगातार बढ़ने के कारण लोगों की सेहत पर प्रतिकूल असर पड़ने लगा है। प्रदूषित हवा के चलते खांसी, जुकाम, सीने में जकड़न और सांस लेने में परेशानी जैसी समस्याएं बढ़ रही हैं। इन शिकायतों के साथ मरीज अस्पतालों का रुख कर रहे हैं। प्रदूषण का सबसे अधिक असर बच्चों, बुजुर्गों और पहले से सांस संबंधी बीमारियों से जूझ रहे लोगों पर देखने को मिल रहा है।
अंबाला में बिगड़ती वायु गुणवत्ता ने स्वास्थ्य संबंधी चिंताएं बढ़ा दी हैं। हवा में मौजूद हानिकारक प्रदूषित कण लोगों के श्वसन तंत्र को प्रभावित कर रहे हैं। डॉक्टरों के अनुसार, बच्चों और बुजुर्गों को प्रदूषण से विशेष रूप से सतर्क रहने की जरूरत है। बच्चों के फेफड़ों का विकास जारी रहता है, जबकि बुजुर्गों और अस्थमा व सीओपीडी जैसी बीमारियों से पीड़ित लोगों के लिए प्रदूषित हवा अधिक नुकसानदायक हो सकती है। इसके कारण उनकी सांस संबंधी परेशानियां बढ़ने का खतरा रहता है।
अंबाला नागरिक अस्पताल की होम्योपैथिक मेडिकल ऑफिसर रंजिता पांधी ने लोगों को प्रदूषण के दौरान विशेष सावधानी बरतने की सलाह दी है। उन्होंने कहा कि जब तक जरूरी न हो, लोगों को घर से बाहर निकलने से बचना चाहिए। यदि किसी जरूरी काम से बाहर जाना पड़े तो अच्छी फिटिंग वाला मास्क पहनना चाहिए, ताकि प्रदूषित कणों के संपर्क में आने से बचा जा सके। इसके अलावा घर के अंदर एयर प्यूरीफायर का इस्तेमाल भी किया जा सकता है।
डॉक्टरों ने यह भी स्पष्ट किया कि तुलसी, स्नेक प्लांट और एलोवेरा जैसे पौधे घर की हरियाली और वातावरण को बेहतर बनाने में सहायक हो सकते हैं, लेकिन केवल पौधे लगाने से वायु प्रदूषण की समस्या दूर नहीं होती। ऐसे में लोगों को प्रदूषण से बचाव के लिए जरूरी उपाय अपनाने चाहिए और स्वास्थ्य संबंधी परेशानी होने पर चिकित्सकीय सलाह लेनी चाहिए।




