चंडीगढ़। दीपावली पर हरियाणा में हुई आतिशबाजी और पटाखों के धुएं का असर वायु गुणवत्ता पर साफ दिखाई दिया। प्रदेश के कई शहरों में वायु गुणवत्ता सूचकांक (AQI) 300 के पार पहुंच गया। हवा की गुणवत्ता बेहद खराब श्रेणी में दर्ज होने से लोगों के स्वास्थ्य पर प्रदूषण का खतरा बढ़ गया है।
उपलब्ध आंकड़ों के अनुसार, बहादुरगढ़ में सबसे अधिक 389 AQI दर्ज किया गया। रोहतक में यह स्तर 379 और भिवानी में 377 रहा। वहीं, चरखी दादरी और सिरसा में 363-363, पंचगांव में 357, बल्लभगढ़ में 345, मानेसर में 338 और फरीदाबाद में 334 AQI दर्ज किया गया। इसके अलावा गुरुग्राम में वायु गुणवत्ता सूचकांक 316 और जींद में 314 रहा। ये आंकड़े सुबह 7:45 बजे तक के बताए गए हैं।
दीपावली पर रात 8 बजे से 10 बजे तक केवल दो घंटे ग्रीन पटाखे जलाने की अनुमति दी गई थी। इसके बावजूद आतिशबाजी के बाद कई शहरों में प्रदूषण का स्तर काफी बढ़ गया। देश के प्रदूषित शहरों की सूची में भी हरियाणा के शहरों की स्थिति चिंताजनक रही। उपलब्ध आंकड़ों में उत्तर प्रदेश के गाजियाबाद स्थित खोड़ा 400 AQI के साथ सबसे प्रदूषित रहा, जबकि मंडी गोबिंदगढ़ और हरियाणा का बहादुरगढ़ 389 AQI के स्तर के साथ दूसरे स्थान पर रहे।
केंद्रीय प्रदूषण नियंत्रण बोर्ड (CPCB) के मानकों के अनुसार, 301 से 400 तक का AQI बेहद खराब श्रेणी में आता है। इस स्तर पर लंबे समय तक प्रदूषित हवा में सांस लेने से सांस संबंधी बीमारियों का खतरा बढ़ सकता है। अस्थमा, हृदय और फेफड़ों से जुड़ी बीमारियों से पीड़ित लोगों पर इसका असर अधिक पड़ता है।
वहीं, 401 से 500 तक का AQI गंभीर श्रेणी में माना जाता है। इस स्थिति में स्वस्थ लोगों को भी सांस लेने में परेशानी हो सकती है। बच्चों, बुजुर्गों और गर्भवती महिलाओं को प्रदूषित हवा से विशेष बचाव करने की सलाह दी जाती है।




