बहादुरगढ़। बहादुरगढ़ के सूर्या नगर स्थित आकाश इंटरनेशनल कंपनी में देर रात चोरी की बड़ी वारदात सामने आई है। तीन से चार नकाबपोश बदमाशों ने फैक्टरी में घुसकर सुरक्षा गार्ड को पिस्तौल के बल पर बंधक बना लिया। आरोपियों ने गार्ड को जान से मारने की धमकी दी और उसके हाथ-पैर बांधकर कंपनी कार्यालय की पहली मंजिल पर बने एक कमरे में बंद कर दिया। इसके बाद बदमाश फैक्टरी से कीमती सामान चोरी कर फरार हो गए।
पुलिस को दी शिकायत में शक्ति नगर निवासी रमेश कुमार ने बताया कि वह पिछले छह से सात महीनों से आकाश इंटरनेशनल कंपनी में सुरक्षा गार्ड के रूप में कार्यरत है। उसकी ड्यूटी रात आठ बजे से सुबह आठ बजे तक रहती है। छह नवंबर की रात वह गार्ड रूम से निकलकर फैक्टरी परिसर का निरीक्षण करने जा रहा था। इसी दौरान उसे कंपनी के अंदर तीन से चार युवक दिखाई दिए, जिन्होंने अपने चेहरे कपड़े से ढके हुए थे। बदमाशों ने उसे पकड़ लिया और पिस्तौल दिखाकर जान से मारने की धमकी दी। इसके बाद उसके हाथ-पैर बांधकर कार्यालय की पहली मंजिल पर स्थित एक कमरे में बंद कर दिया।
अगली सुबह करीब आठ बजे दूसरा सुरक्षा गार्ड बालेश्वर कंपनी पहुंचा। उसने कमरे में बंद रमेश कुमार को बाहर निकालकर उसके हाथ-पैर खोले। इसके बाद फैक्टरी परिसर की जांच की गई तो ट्रांसफार्मर की कॉपर कॉइल, दो इन्वर्टर बैटरियां, करीब 15 से 20 फीट कॉपर केबल और थ्रेड मशीन गायब मिली। चोरी हुए सामान की जानकारी मिलने के बाद पुलिस को सूचना दी गई।
थाना सेक्टर-6 पुलिस ने रमेश कुमार की शिकायत पर मामला दर्ज कर लिया है। पुलिस ने केस नंबर 253 के तहत भारतीय न्याय संहिता और आर्म्स एक्ट की संबंधित धाराओं में कार्रवाई शुरू कर दी है। पुलिस मामले की जांच कर रही है और आरोपियों की पहचान कर उनकी तलाश की जा रही है।




