Home Haryana रायपुररानी तहसील में रजिस्ट्रियों का काम ठप, नियुक्ति के बाद भी क्लर्क...

रायपुररानी तहसील में रजिस्ट्रियों का काम ठप, नियुक्ति के बाद भी क्लर्क ने नहीं संभाला कार्यभार

24
0
Screenshot

रायपुररानी (पंचकूला)। रायपुररानी तहसील में जमीन-जायदाद की रजिस्ट्रियों का काम प्रभावित होने से आम लोगों को भारी परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है। रजिस्ट्री करवाने के लिए तहसील पहुंच रहे लोगों को बिना काम पूरा हुए ही वापस लौटना पड़ रहा है। इससे लोगों का समय और पैसा दोनों बर्बाद हो रहे हैं। लंबे समय से बनी इस स्थिति के कारण तहसील की प्रशासनिक व्यवस्था पर भी सवाल उठने लगे हैं।

जानकारी के अनुसार, तहसील में तैनात रजिस्ट्री क्लर्क के रिश्वत मामले में पकड़े जाने के बाद से ही रजिस्ट्री से संबंधित कामकाज प्रभावित है। व्यवस्था को दोबारा सुचारू करने के लिए प्रशासन की ओर से 22 अक्टूबर को मोहित शर्मा को रजिस्ट्री क्लर्क नियुक्त करने के आदेश जारी किए गए थे। हालांकि, आदेश जारी होने के बावजूद उन्होंने अभी तक अपना कार्यभार नहीं संभाला है।

इसके बाद प्रशासन ने हनी को रजिस्ट्री क्लर्क की जिम्मेदारी सौंपने के आदेश जारी किए, लेकिन उन्होंने भी अब तक चार्ज नहीं लिया। ऐसे में दो कर्मचारियों की नियुक्ति के आदेश जारी होने के बावजूद तहसील में रजिस्ट्री का काम सामान्य नहीं हो सका है।

रजिस्ट्रियों का काम प्रभावित रहने से उन लोगों को सबसे अधिक परेशानी हो रही है, जिन्हें जमीन या मकान की खरीद-बिक्री से संबंधित जरूरी दस्तावेज पूरे करवाने हैं। लोगों को उम्मीद थी कि नए कर्मचारियों की नियुक्ति से व्यवस्था जल्द पटरी पर लौटेगी, लेकिन कार्यभार नहीं संभाले जाने के कारण उनकी परेशानी लगातार बनी हुई है।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here