Home Haryana करनाल अमन हत्याकांड में CIA-3 को मिली कामयाबी, जतिन समेत दो आरोपी...

करनाल अमन हत्याकांड में CIA-3 को मिली कामयाबी, जतिन समेत दो आरोपी गिरफ्तार

21
0
Screenshot

राकेश कुमार शर्मा, करनाल। करनाल में अमन हत्याकांड की जांच कर रही सीआईए-3 पुलिस ने कार्रवाई करते हुए दो आरोपियों को गिरफ्तार किया है। पकड़े गए आरोपियों में करनाल निवासी जतिन और एक नाबालिग शामिल है। पुलिस अब मामले में शामिल अन्य आरोपियों की तलाश कर रही है। एसीपी रविंदर कुमार ने प्रेस वार्ता के दौरान गिरफ्तारियों की जानकारी दी।

एसीपी रविंदर कुमार ने बताया कि गिरफ्तार आरोपी जतिन को अदालत में पेश कर पुलिस रिमांड पर लिया जाएगा। पूछताछ के दौरान हत्या के कारणों, वारदात में शामिल अन्य लोगों और घटनाक्रम से जुड़े अहम तथ्यों का पता लगाने का प्रयास किया जाएगा। वहीं, नाबालिग आरोपी को नियमानुसार जुवेनाइल कोर्ट में पेश कर आगे की कार्रवाई की जाएगी। पुलिस के अनुसार, मामले की जांच जारी है और अन्य आरोपियों को पकड़ने के लिए प्रयास तेज कर दिए गए हैं।

पुलिस यह पता लगाने में जुटी है कि अमन की हत्या किस वजह से की गई और इस वारदात में कितने लोग शामिल थे। जांच के दौरान आरोपियों की भूमिका स्पष्ट करने के साथ-साथ वारदात में इस्तेमाल किए गए चाकू और लाठी-डंडों की बरामदगी के प्रयास भी किए जाएंगे। पुलिस का कहना है कि पूछताछ और जांच आगे बढ़ने के साथ मामले में और तथ्य सामने आ सकते हैं।

प्रेस वार्ता के दौरान एसीपी रविंदर कुमार ने युवाओं से नशे और गलत संगत से दूर रहने की अपील की। उन्होंने कहा कि नशा युवाओं को अपराध की ओर धकेलने वाले कारणों में से एक बन सकता है। ऐसे में युवाओं को अपनी ऊर्जा सकारात्मक गतिविधियों में लगानी चाहिए। उन्होंने अभिभावकों से भी बच्चों की गतिविधियों पर नजर रखने और उन्हें सही दिशा में आगे बढ़ने के लिए प्रेरित करने का आग्रह किया।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here