अंबाला। त्योहारों के सीजन में अंबाला छावनी के बाजारों में ग्राहकों की भीड़ बढ़ने के साथ जाम की समस्या भी गंभीर होती जा रही है। संकरी बाजारों में दिन के समय चौपहिया वाहनों के प्रवेश से ग्राहकों और दुकानदारों को परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। इसे देखते हुए दुकानदारों ने पुलिस और जिला प्रशासन से बाजारों में बैरिकेडिंग कराने की मांग की है, ताकि वाहनों की आवाजाही नियंत्रित की जा सके और लोगों को जाम से राहत मिल सके।
दिवाली और अन्य त्योहारों के चलते अंबाला छावनी के बाजारों में खरीदारी के लिए बड़ी संख्या में लोग पहुंच रहे हैं। ऐसे में संकरी सड़कों पर चौपहिया वाहनों के आने से यातायात बाधित हो रहा है। दुकानदारों का कहना है कि बाजारों में जाम लगने से ग्राहकों को आने-जाने में दिक्कत होती है और इसका असर उनके कारोबार पर भी पड़ता है।
दुकानदारों के अनुसार, जाम की एक वजह बाजारों में अतिक्रमण भी है। कुछ दुकानदार प्रशासन की ओर से निर्धारित सीमा से आगे तक सामान रख देते हैं, जिससे सड़क की जगह कम हो जाती है। इसके अलावा कुछ व्यापारी सामान उतरवाने के लिए दिन के समय ही चौपहिया वाहन बाजारों में भेज देते हैं। इससे यातायात प्रभावित होता है और भीड़ के बीच जाम की स्थिति बन जाती है। व्यापारियों ने पुलिस प्रशासन से मांग की है कि बाजारों में वाहनों के प्रवेश पर नियंत्रण लगाने के साथ-साथ अतिक्रमण करने वालों के खिलाफ भी कार्रवाई की जाए।
इस संबंध में अंबाला के डीएसपी कुलदीप सिंह ने बताया कि त्योहारों के मद्देनजर पुलिस और प्रशासन पूरी तरह सतर्क हैं। शहर के तीन प्रमुख स्थानों पर एक तरफ बैरिकेडिंग की गई है और जल्द ही बाजारों में भी बैरिकेडिंग की व्यवस्था की जाएगी। इसके साथ ही बाजारों में पुलिस कर्मचारियों की तैनाती की गई है, ताकि जाम की स्थिति न बने और बड़े वाहन अंदर प्रवेश न कर सकें।
डीएसपी ने कहा कि पुलिस की टीमें बाजारों में लगातार जांच करेंगी। नियमों का उल्लंघन कर सड़क पर सामान रखने वाले दुकानदारों का सामान जब्त करने के साथ उनके चालान भी किए जाएंगे। उन्होंने व्यापारियों से अपील की कि दुकानों पर सामान पहुंचाने के लिए अपने वाहन देर रात लेकर आएं। दिन के समय बाजारों में प्रवेश करने वाले वाहनों के खिलाफ चालान की कार्रवाई की जाएगी। पुलिस की इस व्यवस्था से उम्मीद है कि त्योहारों के दौरान बाजारों में यातायात सुचारू रहेगा और ग्राहकों को खरीदारी में परेशानी नहीं होगी।







