बहादुरगढ़। रोहद के पास एनसीआर नहर में गणेश प्रतिमा विसर्जन के दौरान तीन युवक डूब गए। शाम हुए इस हादसे में दो युवकों के शव बरामद कर लिए गए हैं, जबकि तीसरे युवक की तलाश के लिए गोताखोरों और एसडीआरएफ की टीम का सर्च ऑपरेशन जारी है। हादसे का वीडियो भी सामने आया है, जिसमें युवक पानी में डूबने से बचने के लिए संघर्ष करते दिखाई दे रहे हैं।
पुलिस के अनुसार, करीब 16-17 लोगों का समूह शुक्रवार शाम ढोल-नगाड़ों के साथ गणेश प्रतिमा विसर्जन के लिए एनसीआर नहर पर पहुंचा था। शाम करीब 6:20 बजे मध्य प्रदेश निवासी 24 वर्षीय अजय प्रतिमा लेकर नहर में उतरा। पानी की गहराई अधिक होने के कारण उसका पैर फिसल गया और वह डूबने लगा।
अजय को पानी में फंसा देखकर उसके साथी बिहार निवासी 21 वर्षीय नीतीश और उत्तर प्रदेश निवासी 21 वर्षीय शिवकांत उसे बचाने के लिए नहर में उतर गए। तेज बहाव और गहराई के कारण तीनों पानी में फंस गए और कुछ ही देर में डूब गए। मौके पर मौजूद लोगों ने एक अन्य युवक को बचा लिया, लेकिन अजय, नीतीश और शिवकांत का पता नहीं चल सका।
हादसे के बाद मौके पर अफरा-तफरी मच गई। सूचना मिलने पर थाना आसौदा पुलिस और गोताखोरों की टीम मौके पर पहुंची और तलाश अभियान शुरू किया। करीब दो घंटे की मशक्कत के बाद अजय का शव बरामद किया गया। इसके करीब डेढ़ घंटे बाद नीतीश का शव भी नहर से निकाल लिया गया। तेज बहाव और अंधेरा होने के कारण राहत एवं बचाव अभियान में काफी परेशानी आई। बाद में एसडीआरएफ की टीम को भी सर्च ऑपरेशन में शामिल किया गया।
हादसे का शिकार हुए तीनों युवक रोहद स्थित टेक फूड प्रोडक्ट कंपनी में काम करते थे। रोजगार के सिलसिले में वे क्षेत्र में रह रहे थे। घटना की सूचना मिलने के बाद कंपनी में काम करने वाले उनके साथी और स्थानीय लोग बड़ी संख्या में नहर के पास पहुंच गए।
प्रत्यक्षदर्शी बरहाना निवासी युजविन्द्र अहलावत ने बताया कि वह बहादुरगढ़ स्थित कार्यालय से लौट रहे थे और नहर किनारे गणेश विसर्जन का वीडियो बना रहे थे। इसी दौरान उन्होंने युवकों को प्रतिमा विसर्जित करते देखा। कुछ ही देर में युवक गहरे पानी में चले गए और डूबने लगे। उनके अनुसार, पूरी घटना मोबाइल कैमरे में रिकॉर्ड हो गई।
थाना आसौदा के एसएचओ जयभगवान ने बताया कि बरामद दोनों शवों को पोस्टमार्टम के लिए नागरिक अस्पताल बहादुरगढ़ भेज दिया गया है। तीसरे युवक शिवकांत की तलाश के लिए नहर में व्यापक स्तर पर सर्च अभियान चलाया जा रहा है।







