Home Haryana फरीदाबाद में दुकान के बाहर सामान रखने पर विवाद, फायरिंग और तोड़फोड़...

फरीदाबाद में दुकान के बाहर सामान रखने पर विवाद, फायरिंग और तोड़फोड़ से मची अफरा-तफरी

23
0

फरीदाबाद। संजय कॉलोनी सेक्टर-23 में दुकान के बाहर स्टैंड बोर्ड और अन्य सामान रखने को लेकर रात दो पक्षों के बीच विवाद हो गया। कहासुनी के बाद मामला इतना बढ़ गया कि मारपीट और कथित फायरिंग तक पहुंच गया। इस दौरान एक मकान के गेट और बाहर खड़ी तीन कारों के शीशे तोड़ दिए गए। मकान की ओर ईंट-पत्थर भी फेंके गए। गोली चलने की आवाज सुनकर आसपास के लोगों में दहशत फैल गई और कई लोग अपने घरों में चले गए।स्थानीय लोगों के अनुसार, गली में कुछ समय पहले ही एक नई दुकान खुली थी।

रात दुकानदार दुकान के बाहर स्टैंड बोर्ड और अन्य सामान रख रहा था। गली में सामान रखने को लेकर कुछ लोगों ने आपत्ति जताई, जिसके बाद दोनों पक्षों में कहासुनी शुरू हो गई।आरोप है कि विवाद बढ़ने के बाद दुकानदार पक्ष ने अपने परिचितों को मौके पर बुला लिया। कुछ ही देर में बड़ी संख्या में लोग गली में पहुंच गए और दोनों पक्षों के बीच मारपीट शुरू हो गई। इसी दौरान कथित तौर पर फायरिंग की गई। इसके साथ ही पथराव और तोड़फोड़ भी हुई। हमलावरों ने एक मकान के गेट और तीन कारों के शीशे लाठी-डंडों से तोड़ दिए।घटना की सूचना मिलने पर मुजेसर थाना पुलिस के साथ क्राइम ब्रांच की टीम भी मौके पर पहुंची।

पुलिस ने घटनास्थल का निरीक्षण कर साक्ष्य जुटाए और आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगालनी शुरू कर दी है। फुटेज के आधार पर विवाद और फायरिंग में शामिल लोगों की पहचान करने का प्रयास किया जा रहा है।मुजेसर थाना प्रभारी पूरण सिंह ने बताया कि रात करीब नौ बजे फायरिंग की सूचना मिली थी। प्रारंभिक जानकारी के अनुसार दुकान के बाहर स्टैंड लगाने को लेकर दो पक्षों में विवाद हुआ था। इसके बाद फायरिंग की बात सामने आई है। मामले की जांच की जा रही है। गोलीबारी में किसी के घायल होने की सूचना नहीं है।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here