यमुनानगर। मुकारोपुर पुल के पास देर रात करीब 14 फीट लंबा अजगर दिखाई देने से आसपास के क्षेत्र में हड़कंप मच गया। विशालकाय अजगर को देखकर स्थानीय लोगों में दहशत फैल गई। लोगों ने इसकी सूचना वन्य प्राणी विभाग को दी, जिसके बाद विभाग की रेस्क्यू टीम को तुरंत मौके पर भेजा गया।
सूचना मिलने के बाद वन्य जीव रक्षक प्रदीप और डारपुर बीट इंचार्ज प्रदीप ने रेस्क्यू अभियान की कमान संभाली। टीम रात करीब एक बजे मुकारोपुर पुल के पास पहुंची और सावधानीपूर्वक अजगर को काबू करने की प्रक्रिया शुरू की।
काफी मशक्कत के बाद रेस्क्यू टीम ने करीब 14 फीट लंबे अजगर को सुरक्षित पकड़ लिया। इसके बाद उसे वन्य जीव विहार क्षेत्र में ले जाकर उसके प्राकृतिक आवास में सुरक्षित छोड़ दिया गया।
वन्य जीव निरीक्षक लीलू राम ने बताया कि वन्यजीवों की सुरक्षा विभाग की प्राथमिकता है। उन्होंने लोगों से अपील की कि आबादी वाले क्षेत्रों में वन्यजीव दिखाई देने पर उसके करीब न जाएं और न ही उसे पकड़ने या नुकसान पहुंचाने का प्रयास करें। ऐसी स्थिति में तुरंत वन विभाग को सूचना दें, ताकि प्रशिक्षित टीम मौके पर पहुंचकर वन्यजीव को सुरक्षित रेस्क्यू कर सके।
वन विभाग की त्वरित कार्रवाई से अजगर को बिना नुकसान पहुंचाए सुरक्षित रेस्क्यू किया गया और उसे उसके प्राकृतिक आवास में वापस छोड़ दिया गया।







