अंकुर कपूर,अंबाला। अंबाला कैंट रेलवे स्टेशन पर जीआरपी ने नशे की बड़ी खेप पकड़ते हुए एक आरोपी को गिरफ्तार किया है। प्लेटफार्म नंबर-1 पर कार्रवाई के दौरान पुलिस ने आरोपी के सामान से करीब 35 किलोग्राम गांजा बरामद किया है। बरामद गांजे की अनुमानित कीमत करीब 7 लाख रुपये बताई जा रही है। पुलिस के अनुसार आरोपी ओडिशा से गांजा लेकर आया था और इसे पंजाब के मोहाली के पास सप्लाई किया जाना था।
जीआरपी को मुखबिर से सूचना मिली थी कि एक व्यक्ति भारी मात्रा में गांजा लेकर अंबाला कैंट रेलवे स्टेशन पर ट्रेन का इंतजार कर रहा है। मुखबिर ने पुलिस को आरोपी के हुलिए और कपड़ों की जानकारी भी दी थी। सूचना के आधार पर जीआरपी और आरपीएफ की टीम ने संयुक्त कार्रवाई करते हुए प्लेटफार्म नंबर-1 पर संदिग्ध व्यक्ति को काबू कर लिया।
तलाशी के दौरान आरोपी के पास मौजूद एक सूटकेस और दो बैगों से करीब 35 किलोग्राम गांजा बरामद हुआ। पुलिस ने आरोपी की पहचान विजय गिरी पुत्र धर्मनाथ गिरी, निवासी शंभूपुर डटिया, थाना दरिया, जिला सिवान, बिहार के रूप में की है।
पूछताछ में सामने आया कि आरोपी कथित तौर पर गांजा ओडिशा से लेकर आया था। इसे पंजाब के मोहाली के पास किसी व्यक्ति तक पहुंचाया जाना था। पुलिस के मुताबिक आरोपी उस व्यक्ति को पहले से नहीं जानता था, जिसे गांजे की खेप सौंपनी थी।
जीआरपी ने आरोपी को गिरफ्तार कर उसके खिलाफ मामला दर्ज कर लिया है। पुलिस अब गांजे की सप्लाई के स्रोत और इस नेटवर्क से जुड़े अन्य लोगों के बारे में जानकारी जुटा रही है। आरोपी को अदालत में पेश करने के बाद सात दिन के पुलिस रिमांड पर लिया गया है। पुलिस रिमांड के दौरान आरोपी से नशे की खेप से जुड़े नेटवर्क और अन्य कड़ियों के बारे में पूछताछ की जा रही है।







