Home Haryana फरीदाबाद में डिपो होल्डरों की बैठक, कमीशन भुगतान और राशन मशीनों में...

फरीदाबाद में डिपो होल्डरों की बैठक, कमीशन भुगतान और राशन मशीनों में सुधार की मांग

12
0

अनिल मंगला ,फरीदाबाद। सेक्टर-12 स्थित खाद्य एवं आपूर्ति विभाग के कार्यालय में ओल्ड फरीदाबाद क्षेत्र के सभी डिपो होल्डरों के साथ बैठक आयोजित की गई। बैठक में डिपो संचालकों ने राशन वितरण से जुड़ी अपनी विभिन्न समस्याएं अधिकारियों के सामने रखीं। अधिकारियों ने सभी समस्याओं को गंभीरता से सुनते हुए जल्द समाधान का आश्वासन दिया।

बैठक के दौरान डिपो होल्डरों ने सबसे प्रमुख समस्या कमीशन के भुगतान को लेकर उठाई। उनका कहना था कि उन्हें मिलने वाला कमीशन कई बार समय पर नहीं मिल पाता, जिसके कारण आर्थिक परेशानियों का सामना करना पड़ता है। डिपो संचालकों ने मांग की कि कमीशन का भुगतान निर्धारित समय पर किया जाए, ताकि उनके कामकाज में किसी तरह की परेशानी न आए।

इसके अलावा डिपो होल्डरों ने राशन वितरण के लिए उपलब्ध कराई गई मशीनों की कार्यप्रणाली पर भी सवाल उठाए। उनका कहना था कि मशीनें धीमी गति से चलती हैं, जिससे प्रत्येक उपभोक्ता को राशन देने में अधिक समय लगता है। इसका सीधा असर डिपो पर लगने वाली भीड़ पर पड़ता है। डिपो संचालकों ने मशीनों को आधुनिक तकनीक से अपडेट करते हुए 5G नेटवर्क से जोड़ने की मांग रखी।

डिपो होल्डरों ने राशन लेने वाले उपभोक्ताओं के लिए बायोमेट्रिक प्रक्रिया को भी आसान बनाने की मांग की। उन्होंने बताया कि कई बार उपभोक्ताओं को मशीन पर बार-बार अंगूठा लगाना पड़ता है। इस प्रक्रिया में अधिक समय लगने के कारण डिपो के बाहर लंबी कतारें लग जाती हैं और लोगों को परेशानी का सामना करना पड़ता है।

डिपो संचालकों ने सुझाव दिया कि ऐसी तकनीकी व्यवस्था विकसित की जाए, जिसमें उपभोक्ता का राशन वितरण एक ही बार अंगूठा लगाने से पूरा हो सके। इससे राशन वितरण की प्रक्रिया तेज होगी और डिपो पर भीड़ को नियंत्रित करने में मदद मिलेगी।

बैठक में खाद्य एवं आपूर्ति विभाग के अधिकारियों ने डिपो होल्डरों की समस्याओं और सुझावों को विस्तार से सुना। अधिकारियों ने भरोसा दिलाया कि उनकी मांगों और तकनीकी समस्याओं को संबंधित स्तर पर रखा जाएगा तथा जल्द से जल्द समाधान का प्रयास किया जाएगा।

 

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here