Home Haryana महावीर पार्क के तालाब में डूबने से 35 वर्षीय राम मनोहर की...

महावीर पार्क के तालाब में डूबने से 35 वर्षीय राम मनोहर की मौत

15
0

अंबाला शहर (अंकुर कपूर): अंबाला शहर के महावीर पार्क स्थित तालाब में डूबने से 35 वर्षीय राम मनोहर की मौत हो गई। घटना के बाद इलाके में हड़कंप मच गया। सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और गोताखोरों की मदद से रेस्क्यू ऑपरेशन शुरू किया गया। कड़ी मशक्कत के बाद राम मनोहर को तालाब से बाहर निकाला गया और तुरंत सिविल अस्पताल अंबाला शहर पहुंचाया गया, जहां डॉक्टरों ने जांच के बाद उसे मृत घोषित कर दिया।

मिली जानकारी के अनुसार राम मनोहर शराब का आदी था और पिछले कुछ दिनों से उसकी तबीयत भी ठीक नहीं चल रही थी। शुक्रवार सुबह उसने अचानक महावीर पार्क स्थित तालाब में छलांग लगा दी। घटना को देख एक प्रत्यक्षदर्शी ने शोर मचाया और पुलिस डायल 112 पर सूचना दी।

प्रत्यक्षदर्शी के अनुसार वह तालाब के किनारे गया हुआ था, तभी उसने एक व्यक्ति को तालाब में छलांग लगाते देखा। उसने तुरंत आसपास के लोगों को आवाज लगाई और पुलिस को सूचना दी। सूचना मिलते ही पुलिस टीम मौके पर पहुंच गई।

थाना कोतवाली अंबाला शहर की एसएचओ सुनीता ढाका ने बताया कि सूचना मिलने के बाद पुलिस दल के साथ मौके पर पहुंची और रेस्क्यू के लिए गोताखोरों की टीम को बुलाया गया। पुलिस के अनुसार तालाब में छलांग लगाने के बाद राम मनोहर दलदल में फंस गया था, जिसके कारण उसे बाहर निकालने में काफी परेशानी का सामना करना पड़ा।

गोताखोरों ने कड़ी मशक्कत के बाद राम मनोहर को तालाब से बाहर निकाला और तुरंत सिविल अस्पताल पहुंचाया, लेकिन डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है और मामले की जांच शुरू कर दी है।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here