पिहोवा। पिहोवा में दो लाख रुपये की लूट के मामले में गिरफ्तार एक आरोपी ने पुलिस हिरासत से फरार होने की कोशिश की। पुलिस के रोकने पर आरोपी नहीं रुका, जिसके बाद पुलिस ने गोली चला दी। गोली आरोपी के बाएं पैर में लगी, जिससे वह घायल हो गया। उसे उपचार के लिए जिला नागरिक अस्पताल में भर्ती कराया गया है।
जानकारी के अनुसार, शाम पिहोवा में सतपाल सिंह नामक व्यक्ति से दो लाख रुपये की लूट हुई थी। बाइक सवार तीन बदमाशों ने सतपाल सिंह को धक्का देकर नीचे गिरा दिया और उनके पास मौजूद नकदी लेकर फरार हो गए थे। मामले की जांच के बाद पुलिस ने बुधवार शाम हरिद्वार से तीन आरोपियों अभिषेक, आशीष और अंकित को गिरफ्तार किया था।
पुलिस तीनों आरोपियों को हरिद्वार से कुरुक्षेत्र लेकर आ रही थी। रादौर से आगे गांव कढामी के पास देर रात आरोपी अभिषेक ने पुलिसकर्मियों से शौच जाने की बात कही। पुलिसकर्मी उसे वाहन से कुछ दूरी पर ले गए। इसी दौरान अभिषेक ने पुलिसकर्मियों को धक्का दिया और भागने लगा।
पुलिसकर्मियों ने उसे रोकने का प्रयास किया, लेकिन आरोपी ने भागना जारी रखा। इसके बाद पुलिस ने उस पर गोली चला दी। गोली उसके बाएं पैर में लगी और वह घायल होकर गिर पड़ा। पुलिस ने उसे मौके पर ही काबू कर लिया और उपचार के लिए अस्पताल पहुंचाया।
सीआईए प्रभारी मनदीप सिंह के अनुसार, गिरफ्तार किए गए तीनों आरोपियों के खिलाफ पहले से मारपीट और छीना-झपटी समेत 10 से अधिक मामले दर्ज हैं। पुलिस आरोपियों का आपराधिक रिकॉर्ड खंगालने के साथ ही लूट की वारदात से जुड़े अन्य पहलुओं की भी जांच कर रही है। पुलिस यह भी पता लगाने में जुटी है कि वारदात में इस्तेमाल बाइक और अन्य सामान कहां से आया था।







