पानीपत। नूरवाला क्षेत्र की गीता कॉलोनी में देर रात पार्षद कार्यालय के बाहर चौक पर खड़े होने को लेकर दो पक्षों के बीच विवाद हो गया। देखते ही देखते कहासुनी हिंसक झड़प में बदल गई। इस दौरान हमलावरों ने लाठी-डंडों से हमला करने के बाद गोली चला दी, जिससे एक युवक घायल हो गया। वहीं दो अन्य लोगों को भी लाठी-डंडों से पीटकर घायल कर दिया गया।
जानकारी के अनुसार, देर रात पार्षद कार्यालय के बाहर चौक पर कुछ लोग खड़े थे। इसी दौरान वहां मौजूद लोगों के बीच किसी बात को लेकर कहासुनी शुरू हो गई। विवाद बढ़ने पर दोनों पक्ष आमने-सामने आ गए और मारपीट शुरू हो गई।
आरोप है कि इसी दौरान हमलावरों ने लखन पर फायरिंग कर दी। गोली लगते ही वह घायल होकर जमीन पर गिर पड़ा। इसके बाद हमलावरों ने ईशम पांचाल और प्रिंस पर लाठी-डंडों से हमला कर दिया, जिससे दोनों भी घायल हो गए।
गोली चलने और मारपीट की घटना के बाद इलाके में अफरा-तफरी मच गई। आसपास मौजूद लोगों ने तीनों घायलों को संभाला और उपचार के लिए सिविल अस्पताल पहुंचाया। घटना की सूचना मिलते ही पुलिस और सीआईए की टीमें मौके पर पहुंच गईं।
पुलिस ने घटनास्थल का निरीक्षण कर आवश्यक साक्ष्य जुटाए और आसपास मौजूद लोगों से पूछताछ की। हमलावरों की पहचान और गिरफ्तारी के लिए पुलिस ने जांच तेज कर दी है। घटनास्थल के आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज भी खंगाली जा रही है, ताकि आरोपियों की पहचान और उनके आने-जाने के रास्ते का पता लगाया जा सके।
पुलिस अधिकारियों का कहना है कि विवाद किस बात को लेकर शुरू हुआ और हमले में कितने लोग शामिल थे, इसकी जांच की जा रही है। मामले से जुड़े सभी पहलुओं की जांच के बाद आगे की कार्रवाई की जाएगी।







