पलवल,सुन्दर कुंडू-:गुरुग्राम में मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी को कांग्रेस नेताओं द्वारा काले झंडे दिखाने के मामले में दर्ज मुकदमे को लेकर कांग्रेस ने सरकार के खिलाफ मोर्चा खोल दिया है। पलवल कांग्रेस जिला अध्यक्ष नेत्रपाल अधाना के कार्यालय पर आयोजित प्रेस वार्ता में सह प्रभारी जितेंद्र बघेल ने सरकार पर निशाना साधा। उन्होंने कहा कि शांतिपूर्ण प्रदर्शन करना लोकतंत्र में नागरिक का अधिकार है,लेकिन भाजपा सरकार तानाशाही रवैया अपनाकर लोकतांत्रिक आवाज को दबाने का प्रयास कर रही है।जितेंद्र बघेल ने कहा कि संविधान में ऐसा कोई प्रावधान नहीं है कि शांतिपूर्ण प्रदर्शन करने वालों को गिरफ्तार किया जाए और उनके परिवारों को परेशान किया जाए। उन्होंने आरोप लगाया कि प्रदेश में कानून व्यवस्था चरमरा चुकी है। विधायकों के कार्यालयों पर गोलियां चल रही हैं,जगह-जगह हत्याएं और फिरौती की घटनाएं हो रही हैं। ऐसे हालात में सरकार को विपक्ष की आवाज दबाने के बजाय कानून व्यवस्था सुधारने पर ध्यान देना चाहिए।
बघेल ने कहा कि जब देश के नेता प्रतिपक्ष राहुल गांधी को एफआईआर दर्ज कराने में आठ घंटे लग जाते हैं,तो आम आदमी की स्थिति का अंदाजा लगाया जा सकता है।उन्होंने कहा कि कांग्रेस एकजुट है।यदि गुरुग्राम मामले में दर्ज मुकदमा वापस नहीं लिया गया तो पार्टी आंदोलन की रणनीति तैयार करेगी।उन्होंने भाजपा पर समस्याओं को दबाने का आरोप लगाते हुए कहा कि पार्टी जितना लोगों की आवाज दबाएगी, उतना ही जनविरोध बढ़ेगा। उन्होंने दावा किया कि भाजपा के झूठ का गुब्बारा अब फूट चुका है। महंगाई, शिक्षा व्यवस्था की कमजोरी और भ्रष्टाचार को विकास बताना सरकार की नाकामी है।भाजपा प्रदेश अध्यक्ष अर्चना गुप्ता के विशेष वर्ग को लेकर दिए बयान पर बघेल ने प्रतिक्रिया दी। उन्होंने आरोप लगाया कि भाजपा की नीति समाज को जाति और धर्म के आधार पर बांटने की है। कांग्रेस नेता कुलदीप शर्मा द्वारा दीपेंद्र हुड्डा पर कार्रवाई की मांग को लेकर हाईकमान को भेजे पत्र के सवाल पर उन्होंने कहा कि उन्हें मामले की जानकारी नहीं है।जिला अध्यक्ष नेत्रपाल अधाना ने कहा कि लोकतंत्र में विरोध दर्ज कराना जनता का अधिकार है। प्रशासन को प्रदर्शनकारियों पर कार्रवाई करने के बजाय समस्याओं का समाधान करना चाहिए। उन्होंने गुरुग्राम में कांग्रेस नेताओं पर दर्ज मुकदमे को निंदनीय बताते हुए कहा कि मुकदमा वापस नहीं हुआ तो कांग्रेस आंदोलन करेगी।







