Home Haryana नहर पर मछलियों को आटा डालने गए 89 वर्षीय बुजुर्ग को सांप...

नहर पर मछलियों को आटा डालने गए 89 वर्षीय बुजुर्ग को सांप ने डसा, मौत

9
0

डबवाली। गांव अबूबशहर में सांप के डसने से 89 वर्षीय बुजुर्ग की मौत हो गई। हादसा उस समय हुआ जब वह रोज की तरह सुबह नहर पर मछलियों को आटा डालने गए थे। वापस लौटते समय झाड़ियों के पास रखी लकड़ी हटाने के दौरान सांप ने उनकी कलाई पर डस लिया।

मृतक की पहचान मदन लाल के रूप में हुई है। उनके पौत्र सुनील ने बताया कि मदन लाल रोजाना सुबह करीब 6:30 बजे भांभूओं की ढाणी के पास स्थित भाखड़ा नहर पर मछलियों को आटा और दाना डालने जाते थे। घटना वाले दिन भी वह अपनी दिनचर्या के अनुसार नहर पर पहुंचे थे।

मछलियों को आटा डालने के बाद जब वह घर लौट रहे थे, तो रास्ते में उन्हें एक लकड़ी पड़ी दिखाई दी। उन्होंने जैसे ही लकड़ी को रास्ते से हटाने का प्रयास किया, पास की झाड़ियों से निकले सांप ने उनकी कलाई पर डस लिया। सांप के काटने के बाद भी बुजुर्ग घबराए नहीं और खुद ही गांव में झाड़ा लगवाने के लिए चले गए।

इसके बाद घर पहुंचकर उन्होंने परिजनों को सांप के काटने की जानकारी दी। हालत बिगड़ती देख पौत्र सुनील उन्हें तत्काल डबवाली के सरकारी अस्पताल लेकर पहुंचा। वहां प्राथमिक उपचार के बाद डॉक्टरों ने उनकी गंभीर स्थिति को देखते हुए उन्हें बठिंडा रेफर कर दिया।

परिजन उन्हें इलाज के लिए बठिंडा ले जा रहे थे, लेकिन रास्ते में ही उनकी हालत और बिगड़ गई और उन्होंने दम तोड़ दिया। घटना के बाद परिवार में शोक का माहौल है।

परिजनों के अनुसार, मदन लाल धार्मिक प्रवृत्ति के व्यक्ति थे और लंबे समय से रोजाना सुबह पक्षियों को दाना तथा नहर में मछलियों को आटा डालते थे। उनकी यही नियमित दिनचर्या आखिरकार हादसे का कारण बन गई और सांप के डसने से उनकी जान चली गई।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here