जींद । जुलाना से कांग्रेस विधायक और अंतरराष्ट्रीय पहलवान विनेश फोगाट ने भारतीय कुश्ती महासंघ (WFI) के पूर्व अध्यक्ष एवं भाजपा नेता बृजभूषण शरण सिंह पर एक बार फिर तीखा हमला बोला है। जींद में कांग्रेस संगठन की बैठक के दौरान मीडिया से बातचीत में विनेश ने बृजभूषण पर गंभीर आरोप लगाते हुए उन्हें ‘गुंडा-बदमाश’ तक कह दिया। उन्होंने आरोप लगाया कि पैसे और राजनीतिक प्रभाव के बल पर लड़कियों के साथ अत्याचार किया गया और उन्हें कथित तौर पर संरक्षण मिलता रहा।
विनेश फोगाट ने मीडिया से अपील की कि बृजभूषण शरण सिंह को जरूरत से ज्यादा सम्मान या महत्व नहीं दिया जाना चाहिए। उन्होंने गोंडा में जमीनों पर कब्जे से जुड़े कथित मामलों का भी जिक्र किया। विनेश ने कहा कि महिलाओं के शोषण से जुड़े आरोपों के बावजूद राजनीतिक स्तर पर उनका समर्थन जारी रहना गंभीर सवाल खड़े करता है।
संपत्ति और हेलीकॉप्टर को लेकर भी उठाए सवाल
विनेश ने बृजभूषण सिंह की संपत्ति और हेलीकॉप्टर से यात्रा को लेकर भी सवाल खड़े किए। उन्होंने पूछा कि इतनी संपत्ति और पैसा कहां से आया और क्या कभी इसकी निष्पक्ष जांच होगी। विनेश ने कहा कि वह इस लड़ाई को आगे भी जारी रखेंगी और मामला सुप्रीम कोर्ट तक ले जाने की बात कही।
राष्ट्रवाद के मुद्दे पर भाजपा और आरएसएस पर निशाना
कांग्रेस विधायक ने राष्ट्रवाद के मुद्दे पर भाजपा और आरएसएस को भी घेरा। उन्होंने आरएसएस कार्यालयों पर तिरंगा फहराने को लेकर सवाल उठाते हुए कहा कि जो लोग पहले लंबे समय तक राष्ट्रीय ध्वज नहीं फहराते थे, वही आज तिरंगा यात्राएं निकाल रहे हैं। उन्होंने तिरंगा यात्राओं के बाद सड़कों पर राष्ट्रीय ध्वज के पड़े होने पर भी सवाल उठाया।
उत्तराखंड में कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खड़गे के कार्यक्रम के बाद सामने आए कथित ‘शुद्धिकरण’ विवाद पर विनेश ने कहा कि दलित समाज के किसी भी बड़े नेता को किसी स्थान पर जाने का पूरा अधिकार है। उन्होंने इस तरह की घटनाओं पर आपत्ति जताई।
भाजपा प्रदेशाध्यक्ष के बयान पर भी पलटवार
हरियाणा भाजपा की प्रदेशाध्यक्ष डॉ. अर्चना गुप्ता के बयान पर प्रतिक्रिया देते हुए विनेश ने कहा कि भाजपा का समय अब पूरा हो चुका है। उन्होंने आरोप लगाया कि इस तरह के बयान केवल टीआरपी और प्रचार हासिल करने के लिए दिए जा रहे हैं। विनेश ने अपनी बात रखते हुए कहा कि मिट्टी का घड़ा बार-बार चूल्हे पर नहीं चढ़ाया जा सकता, वह एक ही बार काम आता है।
कांग्रेस की बैठक में कार्यकर्ता की टिप्पणी से माहौल गरमाया
जींद में कांग्रेस संगठन की बंद कमरे में हुई बैठक के दौरान पार्टी कार्यकर्ताओं की नाराजगी भी सामने आई। बैठक में कांग्रेस प्रदेश प्रभारी संजय दत्त, प्रदेश अध्यक्ष राव नरेंद्र और सह-प्रभारी जितेंद्र बघेल पहुंचे थे। नेताओं ने कार्यकर्ताओं से संगठन को मजबूत करने और जमीनी स्तर पर पार्टी की स्थिति को लेकर फीडबैक लिया।
बैठक के दौरान विनेश फोगाट ने कार्यकर्ताओं से आपसी मतभेद और घमंड छोड़कर संगठन को मजबूत करने की अपील की। इसी दौरान एक कार्यकर्ता ने कथित तौर पर टिप्पणी करते हुए कहा कि ‘सबसे ज्यादा घमंड तो आप में है।’ इस टिप्पणी के बाद बैठक में कुछ देर के लिए माहौल गरमा गया।
बाद में विनेश ने सफाई देते हुए कहा कि वह कांग्रेस के किसी गुट का हिस्सा नहीं हैं। उनका उद्देश्य किसी गुटबाजी को बढ़ावा देना नहीं, बल्कि कांग्रेस संगठन को मजबूत करना है। उन्होंने कार्यकर्ताओं से एकजुट होकर पार्टी के लिए काम करने की अपील की।







