अनिल मंगला, फरीदाबाद। थाना पल्ला क्षेत्र में वन्यजीव विभाग की टीम ने अवैध रूप से सांपों को पकड़कर रखने के आरोप में एक सपेरे को गिरफ्तार किया है। आरोपी की पहचान बंसी नाथ के रूप में हुई है। उसके घर से सात इंडियन कोबरा और एक रैट स्नेक समेत कुल आठ सांप बरामद किए गए हैं। आरोपी को पुलिस ने सोमवार को फरीदाबाद जिला अदालत में पेश किया, जहां से उसे 19 अगस्त तक तीन दिन की न्यायिक हिरासत में भेज दिया गया।
जानकारी के अनुसार, वन्यजीव विभाग की टीम को गुप्त सूचना मिली थी कि पल्ला क्षेत्र में रहने वाला बंसी नाथ विभिन्न प्रजातियों के सांपों को अवैध रूप से पकड़कर अपने घर में रखता है और कथित तौर पर उनका कारोबार करता है। सूचना मिलने के बाद वन्यजीव निरीक्षक राकेश कुमार अपनी टीम के साथ आरोपी के घर पहुंचे और वहां तलाशी ली।
तलाशी के दौरान टीम को आरोपी के कब्जे से सात इंडियन कोबरा और एक रैट स्नेक मिला। टीम ने सभी सांपों को सुरक्षित रूप से अपने कब्जे में ले लिया। इसके बाद बंसी नाथ को गिरफ्तार कर पुलिस के हवाले कर दिया गया। वन्यजीव विभाग के अनुसार, आरोपी द्वारा सांपों को अवैध तरीके से पकड़कर रखने और उनके कारोबार से जुड़े होने की जानकारी मिली थी।
जिला अदालत में अधिवक्ता संजय गुप्ता ने कहा कि वन्यजीवों को अवैध रूप से पकड़कर उनका कारोबार करने वालों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जानी चाहिए। उन्होंने कहा कि ऐसे मामलों में वन्यजीवों के साथ-साथ पर्यावरणीय संतुलन पर भी प्रतिकूल प्रभाव पड़ता है। वन्यजीवों के अवैध शिकार और कारोबार पर प्रभावी रोक लगाना जरूरी है।
वन्यजीव निरीक्षक राकेश कुमार ने बताया कि गुप्त सूचना के आधार पर टीम ने कार्रवाई की थी। जांच के दौरान आरोपी के घर से आठ सांप बरामद किए गए। कार्रवाई के बाद आरोपी को गिरफ्तार कर अदालत में पेश किया गया, जहां से उसे न्यायिक हिरासत में भेज दिया गया।







