Home Haryana “कांग्रेस की परेशानी समझ सकता हूं”, हुड्डा के बयान पर गंगवा का...

“कांग्रेस की परेशानी समझ सकता हूं”, हुड्डा के बयान पर गंगवा का पलटवार

5
0

राकेश कुमार शर्मा, करनाल। 80वें स्वतंत्रता दिवस के अवसर पर करनाल की नई अनाज मंडी में आयोजित जिला स्तरीय समारोह में हरियाणा के लोक निर्माण एवं जन स्वास्थ्य अभियांत्रिकी मंत्री रणबीर गंगवा ने ध्वजारोहण किया। इस दौरान उन्होंने प्रदेशवासियों को स्वतंत्रता दिवस और हरियाली तीज की शुभकामनाएं दीं। उन्होंने देश की आजादी के लिए बलिदान देने वाले वीर शहीदों और स्वतंत्रता सेनानियों को नमन करते हुए कहा कि स्वतंत्रता सेनानियों का सपना भारत को मजबूत, आत्मनिर्भर और विकसित राष्ट्र के रूप में देखने का था।

मंत्री रणबीर गंगवा ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में देश विकास के पथ पर तेजी से आगे बढ़ रहा है। केंद्र सरकार का लक्ष्य वर्ष 2047 तक भारत को विकसित राष्ट्र बनाना है। इसी दिशा में केंद्र और हरियाणा सरकार विभिन्न योजनाओं और विकास परियोजनाओं को गति दे रही है।

गंगवा ने कहा कि हरियाणा भी विकास के नए आयाम स्थापित कर रहा है और सरकार की नीतियों के कारण प्रदेश निवेशकों की पहली पसंद बनता जा रहा है। डिजिटल सुविधाओं के विस्तार के साथ युवाओं के लिए रोजगार के नए अवसर पैदा करने पर विशेष ध्यान दिया जा रहा है। उन्होंने बताया कि प्रदेश में अलग-अलग स्थानों पर 10 आईएमसी स्थापित करने की दिशा में काम चल रहा है। इससे औद्योगिक गतिविधियों और निवेश को बढ़ावा मिलने के साथ रोजगार के अवसर भी बढ़ेंगे। सरकार का लक्ष्य है कि हरियाणा का युवा रोजगार मांगने वाला नहीं, बल्कि रोजगार देने वाला बने।

वहीं, गुरुग्राम से सांसद राव इंद्रजीत सिंह के सरकार के साथ कथित टकराव को लेकर पूछे गए सवाल पर गंगवा ने कोई टिप्पणी करने से इनकार कर दिया। उन्होंने कहा कि उन्हें इस संबंध में जानकारी नहीं है।

नेता प्रतिपक्ष एवं पूर्व मुख्यमंत्री भूपेंद्र सिंह हुड्डा के ‘पार्ट टाइम मुख्यमंत्री’ वाले बयान पर भी रणबीर गंगवा ने पलटवार किया। हुड्डा ने मुख्यमंत्री के पंजाब में अधिक समय रहने को लेकर सवाल उठाते हुए कहा था कि हरियाणा को पार्ट टाइम नहीं, बल्कि फुल टाइम मुख्यमंत्री चाहिए।

गंगवा ने जवाब देते हुए कहा कि वह कांग्रेस की परेशानी को समझ सकते हैं। उन्होंने कहा कि कांग्रेस ने अपने शासनकाल में प्रदेश के लिए जिस तरह काम किया, उसे जनता अच्छी तरह जानती है। उनके अनुसार, कांग्रेस के शासनकाल के अनुभवों के कारण ही आज जनता ने भाजपा पर भरोसा जताया है और केंद्र तथा हरियाणा में भाजपा की सरकार बनी है।

स्वतंत्रता दिवस समारोह के दौरान गंगवा ने जहां सरकार की विकास योजनाओं और वर्ष 2047 तक विकसित भारत बनाने के संकल्प को प्रमुखता से रखा, वहीं हुड्डा के बयान पर पलटवार करते हुए प्रदेश की सियासत में चल रही बयानबाजी को भी नई दिशा दे दी।

 

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here