Home Haryana नौकरी की तलाश में आई युवती ने फंदा लगाकर दी जान, जांच...

नौकरी की तलाश में आई युवती ने फंदा लगाकर दी जान, जांच में जुटी पुलिस

8
0

रेवाड़ी। शहर के कोनसीवास रोड स्थित एक किराये के मकान में रहने वाली 19 वर्षीय युवती ने संदिग्ध परिस्थितियों में फंदा लगाकर आत्महत्या कर ली। घटना का पता उस समय चला जब उसकी बहन रात को ड्यूटी से वापस घर लौटी। सूचना मिलने पर पुलिस और फॉरेंसिक टीम मौके पर पहुंची तथा जांच शुरू कर दी।

प्राप्त जानकारी के अनुसार उत्तर प्रदेश के मिर्जापुर की रहने वाली मनीषा करीब एक माह पहले रोजगार की तलाश में रेवाड़ी आई थी। वह अपनी बहन के साथ कोनसीवास रोड स्थित किराये के मकान में रह रही थी। बताया जा रहा है कि पिछले कई दिनों से वह औद्योगिक क्षेत्र समेत अन्य स्थानों पर नौकरी की तलाश कर रही थी, लेकिन उसे सफलता नहीं मिल रही थी।

परिजनों के अनुसार रोजगार नहीं मिलने के कारण मनीषा मानसिक रूप से परेशान चल रही थी।  शाम उसकी बहन रोजाना की तरह कंपनी में ड्यूटी के लिए चली गई थी। इसी दौरान मनीषा ने कमरे में पंखे के हुक से फंदा लगाकर अपनी जीवनलीला समाप्त कर ली।

रात को जब उसकी बहन ड्यूटी से लौटकर घर पहुंची तो उसने मनीषा को फंदे से लटका हुआ देखा। घटना की जानकारी तुरंत पुलिस को दी गई। सूचना मिलते ही मॉडल टाउन थाना पुलिस और एफएसएल टीम मौके पर पहुंची तथा घटनास्थल का निरीक्षण किया।

पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर जांच शुरू कर दी है। प्रारंभिक जांच के दौरान मौके से कोई सुसाइड नोट बरामद नहीं हुआ है, जिससे आत्महत्या के कारणों को लेकर पुलिस विभिन्न पहलुओं पर जांच कर रही है।

पुलिस अधिकारियों के अनुसार मृतका के परिजनों को सूचना दे दी गई है। उनके रेवाड़ी पहुंचने के बाद शव का पोस्टमार्टम कराया जाएगा। इसके बाद आगामी कानूनी प्रक्रिया पूरी की जाएगी।

फिलहाल पुलिस मामले की गहनता से जांच कर रही है और युवती द्वारा यह कदम उठाने के पीछे के कारणों का पता लगाने का प्रयास किया जा रहा है।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here