हिसार। हरियाणा के हिसार जिले के मिर्जापुर गांव स्थित सरकारी मिडिल स्कूल में एक दर्दनाक हादसा हो गया। सातवीं कक्षा में पढ़ने वाला 13 वर्षीय छात्र संदीप स्कूल परिसर में घायल हो गया। हादसे के दौरान टूटी दीवार से गिरने पर दीवार की टूटी टाइल उसकी गर्दन में धंस गई, जिससे उसे गंभीर चोट आई। छात्र को तत्काल नागरिक अस्पताल ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने उसकी गर्दन पर 12 टांके लगाए। चिकित्सकों के अनुसार फिलहाल उसकी हालत खतरे से बाहर है।
स्कूल प्रशासन के मुताबिक संदीप शौचालय गया हुआ था। इसी दौरान उसका पैर फिसल गया, जिससे वह गिर पड़ा और हादसे का शिकार हो गया। हालांकि स्कूल के अन्य छात्रों का कहना है कि संदीप शौचालय के पास बनी क्षतिग्रस्त दीवार पर चढ़ा हुआ था। दीवार पर लगी टूटी टाइल पर पैर फिसलने से वह नीचे गिर गया और उसी टाइल का नुकीला हिस्सा उसकी गर्दन में लग गया।
प्रत्यक्षदर्शी छात्रों के अनुसार चोट इतनी गंभीर थी कि गर्दन पर गहरा कट लगने से अंदरूनी हिस्सा तक दिखाई देने लगा। घटना के बाद स्कूल परिसर में अफरा-तफरी मच गई और शिक्षकों ने तुरंत घायल छात्र को अस्पताल पहुंचाने की व्यवस्था की।
हादसे की सूचना मिलते ही छात्र के परिजन और स्कूल के प्राचार्य राजकुमार नागरिक अस्पताल पहुंचे। प्रारंभिक तौर पर परिजनों ने घटना को लेकर विभिन्न आशंकाएं जताईं, लेकिन स्कूल प्रशासन ने स्पष्ट किया कि छात्र को यह चोट गिरने के कारण लगी है।
अस्पताल प्रशासन ने मामले की जानकारी पुलिस को दे दी है। वहीं, घटना के बाद स्कूल परिसर में सुरक्षा व्यवस्था और जर्जर संरचनाओं को लेकर भी सवाल उठने लगे हैं। स्थानीय लोगों का कहना है कि विद्यालय परिसर में क्षतिग्रस्त दीवारों और अन्य असुरक्षित स्थानों की समय रहते मरम्मत कराई जानी चाहिए, ताकि भविष्य में इस तरह की घटनाओं से बचा जा सके।







