Home Haryana नहर में मिले शवों पर बढ़ा विवाद, दोनों परिवारों ने लगाए हत्या...

नहर में मिले शवों पर बढ़ा विवाद, दोनों परिवारों ने लगाए हत्या के आरोप

5
0

फरीदाबाद। आगरा नहर से युवक आकाश (24) और विवाहिता रजनी (26) के एक साथ शव मिलने का मामला अब और उलझता जा रहा है। दोनों परिवारों ने एक-दूसरे पर हत्या के गंभीर आरोप लगाए हैं। वहीं, पुलिस का कहना है कि मामले की हर पहलू से जांच की जा रही है और पोस्टमार्टम रिपोर्ट व अन्य साक्ष्यों के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।

शाहपुर कलां के पास आगरा नहर से दोनों के शव बरामद हुए थे। पुलिस जांच में सामने आया कि दोनों के एक-एक हाथ काले रंग की डेटा केबल से बंधे हुए थे। इसके अलावा युवक आकाश के चेहरे पर चोट के निशान भी मिले हैं। इन परिस्थितियों ने मामले को और संदिग्ध बना दिया है।

मृतक आकाश के जीजा अजय ने आरोप लगाया कि घटना वाले दिन रजनी अपनी कार से आकाश को घर से अपने साथ लेकर गई थी। उनका कहना है कि आकाश की हत्या कर उसका शव नहर में फेंका गया। उन्होंने दावा किया कि वारदात के दौरान रजनी की कार नहर के आसपास कई बार देखी गई थी और घटना में इस्तेमाल हुआ हथौड़ा भी वह अपने साथ लेकर आई थी। परिजनों ने यह भी आरोप लगाया कि घटना के बाद आकाश के सभी सोशल मीडिया अकाउंट हटा दिए गए।

वहीं, रजनी के पति शिवम कुमार ने इन आरोपों को खारिज करते हुए कहा कि उनकी पत्नी पेशे से मेकअप आर्टिस्ट थीं और घर से ही स्टूडियो चलाती थीं। कुछ समय पहले उन्होंने सेक्टर-31 स्थित एक जिम ज्वाइन किया था, जहां उनकी मुलाकात आकाश उर्फ अक्कू से हुई। शिवम का आरोप है कि जिम में वीडियो बनाने के बहाने आकाश ने रजनी का मोबाइल नंबर हासिल कर लिया और बाद में फोन व संदेश भेजकर उसे लगातार परेशान करने लगा। उन्होंने बताया कि एक बार आकाश उनके घर के बाहर भी पहुंच गया था, जिसके बाद महिला थाने में शिकायत दर्ज कराई गई थी।

शिवम के अनुसार, 11 जुलाई को रजनी अपने भाई हिमांशु को यह कहकर घर से निकली थी कि वह आकाश से मिलकर उसे समझाने जा रही है कि वह उसका पीछा करना बंद करे। उनका आरोप है कि मुलाकात के दौरान आकाश ने हथौड़े से हमला कर रजनी की हत्या की और उसे नहर में फेंक दिया। इसके बाद उसने खुद भी नहर में छलांग लगा दी।

फिलहाल पुलिस दोनों पक्षों के आरोपों की गहनता से जांच कर रही है। पुलिस प्रवक्ता यशपाल ने बताया कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट, घटनास्थल से मिले साक्ष्य, सीसीटीवी फुटेज, कॉल डिटेल और अन्य तकनीकी पहलुओं की जांच की जा रही है। जांच पूरी होने के बाद ही यह स्पष्ट हो सकेगा कि दोनों की मौत किन परिस्थितियों में हुई और इसके पीछे वास्तविक वजह क्या थी।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here