बहादुरगढ़। हरियाणा के बहादुरगढ़ में एक मजदूर की लाठी-डंडों से बेरहमी से हत्या कर शव को सड़क किनारे झाड़ियों में फेंकने का सनसनीखेज मामला सामने आया है। सेक्टर-6 थाना पुलिस ने मृतक के बेटे की शिकायत पर तीन नामजद आरोपियों के खिलाफ हत्या सहित विभिन्न धाराओं में मामला दर्ज कर लिया है। पुलिस आरोपियों की तलाश में लगातार छापेमारी कर रही है।
पुलिस के अनुसार मृतक की पहचान उत्तर प्रदेश के शाहजहांपुर जिले के त्रिलोकपुर गांव निवासी सत्यपाल के रूप में हुई है। सत्यपाल अपने परिवार के साथ बहादुरगढ़ के दलबीर नगर में किराये पर रहते थे और मेहनत-मजदूरी कर परिवार का पालन-पोषण करते थे।
मृतक के बेटे शिवम ने पुलिस को दी शिकायत में बताया कि रात गांव सराय औरंगाबाद में किराये पर रहने वाले उनके ही गांव के निवासी शिवम, अमित और अर्जुन ने उसके पिता पर लाठी-डंडों से हमला कर दिया। आरोप है कि मारपीट के बाद तीनों आरोपी सत्यपाल को जबरन मोटरसाइकिल पर बैठाकर किसी अज्ञात स्थान पर ले गए।
शिकायत के मुताबिक वहां आरोपियों ने सत्यपाल के साथ दोबारा बेरहमी से मारपीट की, जिससे उनकी मौत हो गई। इसके बाद हत्या के साक्ष्य मिटाने की नीयत से शव को बहादुरगढ़ के बेरी रोड स्थित सेक्टर-6 थाना क्षेत्र में सड़क किनारे झाड़ियों में फेंक दिया गया।
घटना का खुलासा उस समय हुआ जब राहगीरों ने झाड़ियों में शव पड़ा देखा और इसकी सूचना पुलिस को दी। सूचना मिलते ही पुलिस टीम मौके पर पहुंची, शव को कब्जे में लेकर नागरिक अस्पताल में पोस्टमार्टम के लिए भिजवाया। जांच के दौरान मृतक की पहचान होने पर पुलिस ने परिजनों को सूचना दी।
मृतक के बेटे की शिकायत के आधार पर सेक्टर-6 थाना पुलिस ने तीनों नामजद आरोपियों के खिलाफ हत्या और अन्य संबंधित धाराओं में मामला दर्ज कर लिया है।
थाना सेक्टर-6 प्रभारी सत्यवीर सिंह ने बताया कि मामले की हर पहलू से जांच की जा रही है। आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए संभावित ठिकानों पर लगातार दबिश दी जा रही है। साथ ही घटनास्थल और आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज भी खंगाली जा रही है। पुलिस का कहना है कि जल्द ही आरोपियों को गिरफ्तार कर हत्या के पूरे घटनाक्रम का खुलासा किया जाएगा।







